अमित पांडेय, सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी में चोर अब भगवान को भी नहीं छोड़ रहे हैं। बीती रात एक शख्स हनुमान मंदिर से चांदी के मुकुट चोरी कर ले गया। लेकिन उससे पहले जो उसने किया, वह देखकर सभी हैरान रह गए। चोर ने पहले हनुमान जी के दर्शन किए, उनसे कान पकड़ कर माफी मांगी और फिर शनिदेव से मुकुट निकालकर ले गया। ये सारी घटना वहां लगे CCTV में कैद हो गई।
दरअसल, जीडीएस गर्ल्स कॉलेज के सामने बने हनुमान मंदिर की यह पूरा घटना है। चोरी से पहले का CCTV फुटेज जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें पहले चोर मंदिर के बाहर आता है फिर पैरों की चप्पल उतर कर बड़े आराम से मंदिर की रेलिंग से अंदर दाखिल होकर हनुमान जी के दर्शन कर कान पकड़कर माफी मांगता दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं मंदिर में विराजमान शनि भगवान की प्रतिमा के पास जाकर चांदी के आभूषण चोरी की वारदात को अंजाम देता है।
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गर्ल्स कॉलेज के सामने आस्था के मंदिर की चोरी की घटना से लोगों में चर्चा बनी है। वहीं सिटी कोतवाली प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि मंदिर में चोरी की घटना की शिकायत हुई है जिसमें अपराध दर्ज कर लिया गया है। वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है।

