कुमार इंदर, जबलपुर। शहर के छोटी लाइन चौराहे पर बीती रात एक शराबी शख्स की ‘ईमानदारी’ ही उसके गले की फांस बन गई। नशे में धुत विजय नामक व्यक्ति जब शराब की दुकान से निकलकर अपनी बाइक की ओर बढ़ा, तो नो पार्किंग में खड़े वाहन को देख ट्रैफिक पुलिस ने उसे रोक लिया।
तीन थानों की सीमा में उलझी शिकायत: जान से मारने की धमकी के बाद एमआईसी सदस्य को लगवाए चक्कर
नंबर प्लेट पर एक अंक गायब मिला
अक्सर देखने में ये आया हैं कि, चालान कटने के नाम पर लोग बहस करने लग जाते है या फिर लड़ने लगते है। लेकिन लोगों से उलट, विजय बिना किसी से कुछ कहे तुरंत चालान कटवाने को राजी हो गया। उसकी यही हड़बड़ाहट आरक्षक वीरेंद्र सिंह को खटक गई। जब बाइक (MP 20 MX 737) की गौर से जांच की गई, तो नंबर प्लेट पर एक अंक गायब मिला।
बाइक दो साल पहले चोरी हुई थी
टीआई इंदिरा ठाकुर की मौजूदगी में जब चेसिस नंबर खंगाला गया, तो बड़ा खुलासा हुआ कि यह बाइक फर्जी रजिस्ट्रेशन पर दौड़ रही थी और दो साल पहले रामपुर इलाके से चोरी हुई थी। खुद को फंसता देख युवक ने 20 हजार में बाइक खरीदने की कहानी तो सुनाई, लेकिन न तो वह बेचने वाले का पता दे सका और न ही दस्तावेज। आखिरकार, ट्रैफिक पुलिस ने उस शातिर ‘शराबी’ को बाइक समेत गोरखपुर पुलिस के हवाले कर दिया, जहां अब वह हवालात की हवा खा रहा है।

