कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। चोरी की नीयत से घर में घुसे एक शातिर चोर तब बेहाल हो गया जब उसका हाथ खिड़की की जाली में फंस गया और रात भर मजबूरन उसके सहारे खड़े रहना पड़ा। सुबह जब मकान मालिक ने यह वाक्या देखा तो वह भी हैरान रह गया। जिसके बाद मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंची टीम ने उसे हिरासत में लिया।

क्या है पूरी घटना?

घटना ग्वालियर शहर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के दीनदयाल नगर की है। जहां बीती रात शातिर चोर मनोज कुशवाहा एक निर्माणाधीन मकान में सरिया चोरी करने के नीयत से घुसा था। चोर ने जैसे ही खिड़की की जाली से हाथ डालकर दरवाजा खोलने की कोशिश की उसका हाथ जाली में फस गया। जब चोर को इस बात का अहसास हुआ तो उसने हाथ निकालने की काफी मशकक्त की लेकिन कामयाब नहीं हो सका। हाथ नहीं निकलने की स्थिति में चोर को मजबूरन रात भर वहीं खड़े रहना पड़ा।

मकान मालिक देख हुआ हक्का-बक्का

सुबह जब मकान मालिक निर्माणाधीन मकान पर पहुंचा तो वह यह वाक्या देखकर हक्का-बक्का रह गया। मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद मनोज का हाथ जाली से निकालने में कामयाब हो सकी।

कई मकानों को बना चुका है निशाना

पुलिस के मुताबिक मनोज इलाके में सरिया चोरी की कई वारदात कर चुका है। आरोपी निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाता था। पूछताछ में उसने कई चोरियों कबूल की है। पुलिस उससे चोरी का माल बरामद करने की कोशिश कर रही है।

चोरी का वारदात बना चर्चा का विषय

वहीं घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। लोग कह रहे हैं- चोरी करने गया था, खुद ही जाल में फंस गया। फिलहाल पुलिस ने चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m