सुशील खरे, रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम में पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसकी चोरी की गणित और ‘बिजनेस मॉडल’ सुनकर हर कोई हैरान है। पकड़ा गया आरोपी पिछले 10 सालों से केवल छोटी-मोटी चोरियां कर अपना घर चला रहा था। उसका मानना था कि दो-चार हजार रुपये की चोरी पर कोई पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कराता और जब एफआईआर ही नहीं होगी तो पुलिस भी उसका पीछा नहीं करेगी। हालांकि, पुलिस की तत्परता ने उसके इस 10 साल पुराने ढर्रे की पोल खोल दी।
छोटी चोरी समझकर केस दर्ज नहीं कराता
मामला रतलाम के रिद्धि-सिद्धि एवेन्यू का है। यहां रहने वाले फरियादी देवेंद्र डोडियार के घर में बीते रविवार रात चोरी हुई थी। चोर घर से महज ₹4,000 चुराकर ले गया था। नुकसान कम होने के कारण पीड़ित पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के मूड में नहीं था। हालांकि, डीएसपी एवं थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने दृढ़ता दिखाते हुए फरियादी से स्पष्ट कहा कि अपराध छोटा हो या बड़ा, मामला दर्ज जरूर होगा।
सीसीटीवी फुटेज और चड्डी-बनियान गैंग का सस्पेंस
घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर रात 3:30 बजे के करीब कुख्यात ‘चड्डी-बनियान गैंग’ के तीन बदमाश दिखाई दिए। शुरुआत में पुलिस को लगा कि वारदात इसी गैंग ने की है। लेकिन जब सीसीटीवी कैमरों की टाइमलाइन को आगे बढ़ाया गया, तो सुबह 5:00 बजे एक अन्य व्यक्ति पीड़ित के घर से निकलता दिखा। मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने जब उसकी पहचान कराई तो आरोपी की शिनाख्त दीपक उर्फ मांगा गोयल (निवासी सुभाष नगर) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह टूट गया।
अन्य चोरियों का भी हुआ खुलासा
“मैडम! मैं कभी बड़ा हाथ नहीं मारता। केवल दो-चार हजार रुपये ही चुराता हूँ ताकि कोई पुलिस में शिकायत न करे। जब एफआईआर ही दर्ज नहीं होती, तो पुलिस मुझे नहीं ढूंढती और मैं सुकून से उस पैसे से 10 साल से अपना घर चला रहा था।” सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी मांगा ने कस्तूरबा नगर स्थित एक घर से बिजली की केबल चुराने और सिद्धांचलम कॉलोनी से नल की टोंटियां खोलकर ले जाने की बात भी कबूल की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के ₹4,000 बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।
छोटी हो या बड़ी, शिकायत जरूर दर्ज कराएं: DSP
मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी/थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने नागरिकों से अपील की है कि चोरी की रकम चाहे ₹100 हो या ₹1 लाख, पुलिस में शिकायत जरूर दर्ज कराएं। नागरिकों की सजगता और पुलिस में दर्ज शिकायत से ही ऐसे आदतन अपराधियों पर नकेल कसी जा सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


