शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की NIT शाखा में अज्ञात चोरों ने बड़ी सेंधमारी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। चोर खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक के अंदर दाखिल हुए और स्ट्रांग रूम तक पहुंच गए। हालांकि, वे कैश और लॉकर में रखी रकम चोरी करने में सफल नहीं हो सके।

जानकारी के मुताबिक, चोरों ने बैंक मैनेजर के केबिन से CPU की हार्ड डिस्क, RAM और SSD चोरी कर लिए। इसके बाद उन्होंने स्ट्रांग रूम की ओर रुख किया। यहां चोरों ने ग्रिल गेट और दरवाजे के चार ताले तोड़े और लॉकर रूम तक पहुंचने का प्रयास किया। लॉकर रूम के चार तालों में से एक ताला टूटा हुआ मिला, लेकिन चोर लॉकर तक पहुंचकर रकम चोरी नहीं कर पाए। इस वजह से बैंक में रखा कैश और लॉकर में मौजूद रकम सुरक्षित बच गई।

वारदात के दौरान चोरों ने बैंक में लगे CCTV कैमरों को भी तोड़ दिया और उनके तार काटकर CCTV सिस्टम को क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि घटना के सबूत मिटाए जा सके। बैंक में सेंधमारी की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की सूचना मिलते ही सरस्वती नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ BNS की धारा 305, 324(4) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों और उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m