अनिल मालवीय, सीहोर। जिले में बिजली कटौती लोड शेडिंग अब आम नागरिकों के साथ-साथ सुरक्षा के लिए भी एक बड़ा खतरा बनती जा रही है। बिजली गुल रहने के कारण ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी कॉलोनियों के बाहरी छोर तक अंधेरे में डूब जाते हैं, और इसी बात का फायदा शातिर चोर उठा रहे हैं। बीती रात सीहोर के नयापुरा और जहांगीरपुरा क्षेत्र में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए धड़ाधड़ बिजली के तार काट लिए और उन्हें चुराकर फरार हो गए।
अंधेरा होते ही सक्रिय हो जाता है चोर गिरोह
स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में घोषित और अघोषित बिजली कटौती का सिलसिला लगातार जारी है। जैसे ही बिजली गुल होती है, पूरा इलाका अंधेरे के आगोश में समा जाता है। सुरक्षा व्यवस्था की इस कमजोरी को भांपते हुए चोरों ने नयापुरा और जहांगीरपुरा में मुख्य लाइनों को निशाना बनाया। सुबह जब लोगों की आंख खुली, तो उन्होंने पोल से गायब तारों और लटकते खंभों को देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
एक तरफ जहां ग्रामीण पहले से ही अनियमित बिजली आपूर्ति से परेशान हैं, वहीं तारों की चोरी से घंटों तक बिजली गुल रहना तय हो जाता है, जिससे किसानों और आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही इन वारदातों से लोगों में गहरा रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यही हाल रहा, तो चोर कभी भी बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं।
घटना के बाद से नयापुरा और जहांगीरपुरा के रहवासियों में भारी दहशत और गुस्सा है। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात्रि गश्त को तुरंत तेज किया जाए। लोड शेडिंग के समय संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए। चोरी की इन वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह को जल्द से जल्द पकड़कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

