बिहार और यूपी के श्रद्धालुओं के मोबाइल, नकदी और बैग पर हाथ साफ, पुलिस जांच में जुटी

देवघर। बाबा बैद्यनाथ धाम में चल रहे श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोर और पॉकेटमार लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। शिवगंगा, मंदिर परिसर और धर्मशालाओं के आसपास मोबाइल, नकदी और बैग चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। अलग-अलग मामलों में बिहार और उत्तर प्रदेश से आए कांवड़ियों को निशाना बनाया गया है।

शिवगंगा में स्नान के दौरान बैग गायब

बिहार के खगड़िया जिले के सनौला थाना क्षेत्र निवासी कांवरिया ध्रुव कुमार शिवगंगा में स्नान कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपना बैग किनारे रखा था। स्नान के बाद लौटने पर बैग गायब मिला। बैग में मोबाइल फोन, 300 रुपये नकद और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था। काफी तलाश के बाद भी बैग का कोई सुराग नहीं मिला।

मंदिर परिसर में जेब से मोबाइल पार

दूसरी घटना में उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के ताहिरपुर निवासी बिट्टू चौहान बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने उनकी जेब से मोबाइल फोन निकाल लिया। भीड़ के बीच उन्हें चोरी का पता तब चला, जब पूजा समाप्त हुई।

कार से मोबाइल और नकदी चोरी

तीसरी वारदात नगर थाना क्षेत्र स्थित ककई धर्मशाला के पास हुई। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थाना क्षेत्र निवासी मनीष कुमार अपने परिवार के साथ कार से बाबा धाम दर्शन करने आए थे। रात में वाहन में सोने के दौरान चोरों ने कार से मोबाइल फोन और 3,500 रुपये नकद चोरी कर लिए। सुबह नींद खुलने पर घटना का पता चला।

पुलिस ने शुरू की जांच

तीनों मामलों की सूचना नगर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस शिकायत दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील

श्रावणी मेले में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपने मोबाइल, नकदी और कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस या मेला नियंत्रण कक्ष को सूचना दें।