० रोहतक की DLF कॉलोनी में बंद पड़े मकान को लगातार निशाना बना रहे बदमाश, नल की टोंटी तक ले गए; आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर
रोहतक। हरियाणा के रोहतक में एक महिला IAS अधिकारी के बंद पड़े मकान को चोरों ने लगातार तीसरी बार निशाना बनाया है। महज सात दिनों के भीतर हुई तीन चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा वारदात शुक्रवार देर रात हुई, जब दो बदमाश घर में घुसे और कीमती सामान के साथ नल की टोंटी तक उखाड़कर ले गए।
बताया जा रहा है कि महिला IAS अधिकारी वर्तमान में नूंह जिले में एडीसी के पद पर तैनात हैं। उनका परिवार लंबे समय से रोहतक की DLF कॉलोनी स्थित मकान में नहीं रह रहा है। मकान की देखरेख की जिम्मेदारी पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति को दी गई थी।
रात 2 बजे घर में घुसे चोर, CCTV में कैद
चोरी की पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में रात करीब 2 बजे दो युवक मकान में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि घर के भीतर और बाहर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण उनके बाहर निकलने की तस्वीरें स्पष्ट नहीं मिल सकीं।
लगातार हो रही चोरियां, दहशत में कॉलोनी के लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह में यह तीसरी चोरी है। पड़ोसियों के अनुसार रात में घर के भीतर से आवाजें भी सुनाई दी थीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन चोर कब और कैसे फरार हुए, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।
अब तक पुलिस के हाथ खाली
घटना के बाद आर्य नगर थाना पुलिस से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन थाना प्रभारी से बात नहीं हो सकी। वहीं, महिला IAS अधिकारी से भी संपर्क नहीं हो पाया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

