Lifestyle Desk – त्योहारों पर मिठाई का जिक्र न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है।हर खास मौके पर तरह-तरह की मिठाइयां घर में आती हैं, और मोतीचूर के लड्डू का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। लेकिन अगर आप हर बार वही पारंपरिक मिठाइयां खाकर बोर हो चुकी हैं और इस बार कुछ नया ट्राई करना चाहती हैं, तो मोतीचूर लड्डू से बनी क्रीमी पेस्ट्री जरूर आजमाएं।

मोतीचूर लड्डू का स्वाद और क्रीमी पेस्ट्री का बेहतरीन कॉम्बिनेशन इसे बेहद खास बना देता है। इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि इसे खाने के बाद हर कोई आपकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएगा। तो फिर देर किस बात की? इस त्योहार कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाने के लिए आगे पढ़ें मोतीचूर लड्डू से क्रीमी पेस्ट्री बनाने की आसान रेसिपी।

सामग्री

पेस्ट्री के लिए
मोतीचूर के लड्डू – 4 से 5
वनीला स्पंज केक – 1 छोटा
व्हिपिंग क्रीम – 1 कप
पिसी चीनी – 1 से 2 बड़े चम्मच
दूध – ½ कप
गुलाब जल – 1 छोटा चम्मच
इलायची पाउडर – ¼ छोटा चम्मच
केसर – 5-6 धागे
पिस्ता – 2 बड़े चम्मच
बादाम – 1 बड़ा चम्मच

गार्निशिंग के लिए

मोतीचूर लड्डू – 1
पिस्ता कतरन – 1 बड़ा चम्मच
केसर – थोड़े से

विधि

  1. एक ठंडे बाउल में व्हिपिंग क्रीम डालें। इसमें पिसी चीनी डालकर इलेक्ट्रिक बीटर से तब तक फेंटें, जब तक क्रीम गाढ़ी होकर सॉफ्ट पीक बनाने न लगे। तैयार क्रीम को कुछ देर फ्रिज में रख दें।
  2. एक कटोरी में दूध लें। इसमें गुलाब जल, इलायची पाउडर और केसर डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसे 5 मिनट के लिए रख दें, ताकि केसर का रंग और खुशबू दूध में अच्छी तरह आ जाए।
  3. मोतीचूर के 4 लड्डुओं को हाथों से हल्का-हल्का मसलकर छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। ध्यान रखें कि इन्हें बिल्कुल पेस्ट न बनाएं, ताकि पेस्ट्री में लड्डू का स्वाद और टेक्सचर बना रहे।
  4. स्पंज केक को बराबर मोटाई के स्लाइस में काट लें। एक स्लाइस को प्लेट या ट्रे में रखें और उसके ऊपर थोड़ा-सा तैयार केसर वाला दूध लगाएं।
  5. अब केक के ऊपर व्हिप की हुई क्रीम की एक मोटी लेयर लगाएं। इसके ऊपर क्रम्बल किया हुआ मोतीचूर लड्डू और थोड़े कटे हुए पिस्ता-बादाम डालें।
  6. इसके ऊपर केक की दूसरी स्लाइस रखें और फिर हल्का-सा दूध लगाएं। दोबारा क्रीम फैलाएं और ऊपर मोतीचूर लड्डू डालें। इसी तरह 2-3 लेयर तैयार कर लें।
  7. सबसे ऊपर क्रीम की अच्छी लेयर लगाएं। इसके बाद मोतीचूर लड्डू के छोटे टुकड़े, पिस्ता कतरन, बादाम और थोड़े केसर से पेस्ट्री को सजाएं।
  8. तैयार पेस्ट्री को कम से कम 1-2 घंटे के लिए फ्रिज में रखें। इससे पेस्ट्री अच्छी तरह सेट हो जाएगी और इसका स्वाद भी ज्यादा बढ़ जाएगा।