Delhi Slap Case: दिल्ली में सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर हुए विवाद के बाद PWD मंत्री प्रवेश वर्मा पर एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने बीजेपी और प्रवेश वर्मा पर तीखा हमला बोला है। AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने घटना की निंदा करते हुए मंत्री को बर्खास्त करने और जनता से माफी मांगने की मांग की है।
सड़क की गुणवत्ता को लेकर हुआ विवाद
मामला रविवार का है, जब दिल्ली सरकार में PWD मंत्री प्रवेश वर्मा तिलक नगर इलाके में हाल ही में बनी सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान साहेब सिंह नाम के एक व्यक्ति ने सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए।
आरोप है कि इसी दौरान दोनों के बीच बहस हो गई और प्रवेश वर्मा ने साहेब सिंह को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद मौके पर हंगामा हुआ। प्रवेश वर्मा ने अपनी सफाई में कहा कि संबंधित व्यक्ति ने उनके परिवार को गाली देना शुरू किया था और आवेश में उन्होंने प्रतिक्रिया दी।
केजरीवाल ने उठाए सड़क की गुणवत्ता पर सवाल
सोमवार को अरविंद केजरीवाल विकासपुरी पहुंचे और सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि सड़क हाल ही में बनी है, लेकिन उसे हाथ से ही उखाड़ा जा सकता है।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में बनाई गई सड़कों के लिए पांच साल की गारंटी का प्रावधान था।
प्रवेश वर्मा की बर्खास्तगी की मांग
केजरीवाल ने थप्पड़ कांड को लेकर प्रवेश वर्मा की बर्खास्तगी और जनता से माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि मंत्री को बर्खास्त किया जाना चाहिए और सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
AAP ने थाने में FIR की मांग की
AAP नेता और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बताया कि वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विकासपुरी थाने पहुंचे और प्रवेश वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पार्टी की कोशिश है कि मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू हो।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


