दिल्ली के महरौली-बदरपुर (MB) रोड पर मेट्रो निर्माण कार्य के चलते करीब एक महीने तक यातायात प्रभावित रहेगा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की ओर से सैनिक फार्म गेट नंबर-2 से एशियन मार्केट के सामने पोर्टल बीम का निर्माण कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते खानपुर से साकेत मेट्रो स्टेशन के बीच एक कैरिजवे को करीब एक महीने के लिए बंद कर दिया गया है। इस दौरान सड़क के दोनों दिशाओं का यातायात एक ही कैरिजवे से संचालित होगा।
15 सितंबर तक यातायात प्रभावित
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, डीएमआरसी के फेज-4 कॉरिडोर (तुगलकाबाद से एयरोसिटी) के निर्माण कार्य के चलते एमबी रोड के इस हिस्से पर 15 सितंबर तक यातायात प्रभावित रहेगा। दोनों दिशाओं के वाहनों के लिए एक ही कैरिजवे उपलब्ध होने के कारण सड़क की प्रभावी चौड़ाई कम हो जाएगी। खासकर सुबह और शाम के पीक ऑवर्स में इस मार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम की आशंका जताई गई है। ऐसे में वाहन चालकों को खानपुर टी-पॉइंट से साकेत मेट्रो स्टेशन के बीच एमबी रोड के प्रभावित हिस्से से बचने की सलाह दी गई है।
वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से देरी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, निर्माण कार्य के दौरान इस रूट पर यात्रा करने वाले लोगों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनानी चाहिए। वहीं, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और अस्पताल जाने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे यात्रियों से कहा है कि वे संभावित जाम और देरी को देखते हुए घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ताकि समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
ये वैकल्पिक मार्ग अपनाएं
एमबी रोड पर निर्माण कार्य के चलते यातायात प्रभावित होने की स्थिति में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है।
लाडो सराय की ओर से आने वाले वाहन
लाडो सराय की ओर से आने वाले वाहन लाडो सराय टी-पॉइंट अणुव्रत मार्ग टीबी हॉस्पिटल पीटीएस रेड लाइट प्रेस एन्क्लेव रोड शेख सराय रेड लाइट (बीआरटी रोड) खानपुर लाइट एमबी रोड होते हुए आगे जा सकते हैं।
खानपुर की ओर से आने वाले वाहन
खानपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए खानपुर टी-पॉइंट बीआरटी कॉरिडोर शेख सराय टी-पॉइंट प्रेस एन्क्लेव रोड पीटीएस टी-पॉइंट अरबिंदो मार्ग अणुव्रत मार्ग लाडो सराय टी-पॉइंट वैकल्पिक मार्ग रहेगा।
प्रमोद महाजन रोड और मंदिर मार्ग से आने वाले वाहन
प्रमोद महाजन रोड और मंदिर मार्ग की ओर से आने वाले वाहन प्रेस एन्क्लेव रोड शेख सराय रेड लाइट (बीआरटी रोड) खानपुर लाइट एमबी रोड के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जा सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे प्रभावित मार्ग पर अनावश्यक दबाव से बचें और यात्रा के दौरान पुलिस की ओर से जारी यातायात निर्देशों का पालन करें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


