Lifestyle Desk – बारिश का मौसम न केवल गर्मी से राहत दिलाता है, बल्कि मन को भी तरोताजा कर देता है. रिमझिम फुहारें, ठंडी-ठंडी हवाएं और हाथ में गरमा-गरम चाय का कप—यह कॉम्बिनेशन लगभग हर किसी को पसंद आता है. ऐसे सुहाने मौसम में कुछ कुरकुरा और स्वादिष्ट खाने की इच्छा होना बिल्कुल स्वाभाविक है. आमतौर पर लोग इस मौसम में आलू, प्याज या गोभी के पकौड़े और समोसे बनाकर उनका स्वाद लेते हैं. लेकिन अगर आप हर बार वही स्नैक्स खाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राई करें. घर पर बनाएं कटहल के कबाब, जो बाहर से कुरकुरे और अंदर से बेहद मुलायम होते हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका.

सामग्री
कच्चा कटहल-300 ग्राम
आलू-2 उबले हुए
प्याज -1 बारीक कटा
हरी मिर्च -2-3 बारीक कटी हुई
अदरक का टुकड़ा -1 इंच कद्दूकस किया हुआ
लहसुन की कलियां -5-6 बारीक कटी या पिसी हुई
हरा धनिया -2 बड़े चम्मच बारीक कटा हुआ
लाल मिर्च पाउडर-1 छोटा चम्मच
हल्दी-1/2 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर-1 छोटा चम्मच
गरम मसाला-1/2 छोटा चम्मच
भुना जीरा पाउडर-1/2 छोटा चम्मच
नमक-स्वादानुसार
कॉर्नफ्लोर या ब्रेडक्रम्ब्स-2-3 बड़े चम्मच
तलने या शैलो फ्राई करने के लिए तेल
विधि
- सबसे पहले कच्चे कटहल को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इन्हें कुकर में थोड़ा-सा नमक डालकर दो से तीन सीटी आने तक उबाल लें.
- जब कटहल अच्छी तरह गल जाए, तो उसका अतिरिक्त पानी निकालकर ठंडा होने दें.
- अब उबले हुए कटहल को अच्छी तरह मैश कर लें. इसमें उबले और मैश किए हुए आलू, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन, हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, भुना जीरा, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- यदि मिश्रण ज्यादा नरम लगे, तो इसमें कॉर्नफ्लोर या ब्रेडक्रम्ब्स मिलाकर बांध लें. अब इस मिश्रण से अपनी पसंद के अनुसार गोल या टिक्की के आकार के कबाब तैयार करें. चाहें तो इन्हें हल्के ब्रेडक्रम्ब्स में लपेट सकते हैं, जिससे कबाब और भी ज्यादा कुरकुरे बनेंगे.
- एक नॉन-स्टिक तवा या पैन में थोड़ा-सा तेल गर्म करें और कबाबों को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक शैलो फ्राई करें. यदि चाहें तो इन्हें डीप फ्राई भी कर सकते हैं.
- गरमा-गरम कटहल के कबाब को हरी चटनी, इमली की चटनी या टमाटर केचप के साथ सर्व करें. बारिश के मौसम में चाय के साथ इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है.

