Business Desk – इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेक्टर की प्रमुख कंपनी Ather Energy एक बार फिर निवेशकों के रडार पर है. ग्लोबल ब्रोकरेज Nomura ने कंपनी पर अपनी ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस 1,120 रुपए से बढ़ाकर 1,470 रुपए कर दिया है. रिपोर्ट जारी होने के बाद गुरुवार को कंपनी के शेयर में जोरदार खरीदारी देखने को मिली और यह 2.73% की तेजी के साथ करीब 1,232 रुपए पर कारोबार करता नजर आया.

Nomura को क्यों दिख रही है बड़ी तेजी?

Nomura का मानना है कि भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार आने वाले वर्षों में तेज रफ्तार से बढ़ेगा. केंद्र और राज्य सरकारों की EV को बढ़ावा देने वाली नीतियां, ग्राहकों की बढ़ती दिलचस्पी और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार से इस सेक्टर को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है.

ब्रोकरेज के मुताबिक, देश में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की हिस्सेदारी वित्त वर्ष 2026 के करीब 6.5% से बढ़कर वित्त वर्ष 2030 तक लगभग 19% हो सकती है। इससे पहले यह अनुमान 16% था. यानी वित्त वर्ष 2026 से 2030 के बीच EV टू-व्हीलर बाजार में करीब 40% CAGR की ग्रोथ देखने को मिल सकती है.

Ather Energy को मिलेगा सबसे बड़ा फायदा

Nomura का कहना है कि Ather Energy पूरी तरह इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कारोबार पर फोकस करने वाली कंपनी है, इसलिए इस ग्रोथ का सबसे ज्यादा फायदा उसे मिल सकता है. ब्रोकरेज के अनुसार, कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 में करीब 18% मार्केट शेयर बनाए रखा है. हालांकि फिलहाल कंपनी सप्लाई से जुड़ी कुछ चुनौतियों का सामना कर रही है.

सस्ते इलेक्ट्रिक स्कूटर और नया प्लांट बनेंगे गेमचेंजर

रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 की तीसरी तिमाही में Ather Energy अपने EL प्लेटफॉर्म के तहत किफायती इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करेगी. इसके साथ ही कंपनी का नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट भी शुरू होगा. इससे कंपनी 1 लाख से 1.25 लाख रुपए वाले प्राइस सेगमेंट में मजबूत पकड़ बना सकेगी. यह सेगमेंट पूरे इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार का लगभग 45% हिस्सा है. Nomura का मानना है कि भविष्य में कंपनी के नए मोटरसाइकिल प्लेटफॉर्म की सफलता उसके अनुमानों से भी बेहतर प्रदर्शन करा सकती है.

ब्रोकरेज ने बढ़ाया बिक्री का अनुमान

बेहतर आउटलुक को देखते हुए Nomura ने वित्त वर्ष 2027 के लिए कंपनी का बिक्री अनुमान 3.99 लाख यूनिट पर बरकरार रखा है, जो सालाना आधार पर 53% ज्यादा है. वहीं, वित्त वर्ष 2028 के लिए अनुमान 5.10 लाख यूनिट से बढ़ाकर 6.22 लाख यूनिट कर दिया गया है. इसके अलावा वित्त वर्ष 2029 में कंपनी की बिक्री 8.24 लाख यूनिट रहने का अनुमान है, जो सालाना आधार पर 32% अधिक होगी.

कमोडिटी महंगी, फिर भी बढ़ सकती है कमाई

Nomura का कहना है कि प्रोडक्ट मिक्स थोड़ा कमजोर रहने की संभावना है, लेकिन कंपनी अपनी औसत बिक्री कीमत (ASP) में करीब 2% तक बढ़ोतरी कर सकती है. इससे बढ़ती कमोडिटी लागत का कुछ बोझ ग्राहकों तक पहुंचाया जा सकेगा और कंपनी के मार्जिन बेहतर बने रहेंगे.

शेयर ने दिया 275% से ज्यादा रिटर्न

गुरुवार को Ather Energy का शेयर 32.70 रुपए यानी 2.73% की तेजी के साथ करीब 1,232 रुपए पर कारोबार करता दिखा. कारोबार के दौरान इसने 1,234 रुपए का इंट्राडे हाई भी बनाया. 1 सप्ताह में करीब 3% चढ़ा है. 1 महीने में लगभग 19.5% का रिटर्न दिया है. पिछले 1 साल में निवेशकों को 275% से ज्यादा का शानदार रिटर्न मिला है. Nomura की सकारात्मक रिपोर्ट के बाद Ather Energy एक बार फिर बाजार की चर्चा में है. हालांकि किसी भी शेयर में निवेश करने से पहले अपनी जोखिम क्षमता का आकलन करें और जरूरत पड़ने पर वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें.