Lifestyle Desk – इस तेज धूप और गर्मी के मौसम में सभी को कुछ ठंडा खाने या पीने को चाहिए होता है और इसके लिए हम सब अक्सर शरबत, जूस, छाछ, लस्सी ये सभी ड्रिंक्स पीते हैं. इस मौसम में बाजार में तरबूज की भरमार होती है. मिठास और पानी की भरपूर मात्रा के लिए यह फल बहुत से लोगों का पंसदीदा फल होता है. तरबूज को आमतौर पर लोग काटकर काला नमक और जूस बनाकर पीते हैं, लेकिन क्या आपने कभी इसकी मिठाई ट्राय की है? तरबूज की बर्फी एक ऐसी रेसिपी है, जो स्वाद में लाजवाब में होती है. इस गर्मी अगर आप अपने मेहमानों को कुछ अलग और सरप्राइजिंग खिलाना चाहती हैं, तो एक बार तरबूज की बर्फी जरूर बनाएं. आइये जानते हैं इसे बनाने का तरीका.

सामग्री

तरबूज का गूदा -3 कप (बीज निकालकर)
दूध-1 कप
मावा/खोया-1 कप
चीनी -1/2 कप
नारियल पाउडर-1/2 कप
घी-2 बड़े चम्मच
इलायची पाउडर-1/4 छोटी चम्मच
कटे हुए पिस्ता और बादाम सजाने के लिए

विधि

  1. सबसे पहले तरबूज के गूदे को छोटे टुकड़ों में काटकर मिक्सर में पीस लें. फिर इसे छन्नी से छान लें ताकि अतिरिक्त पानी अलग हो जाए.
  2. एक कढ़ाई में तरबूज का गूदा डालकर मध्यम आंच पर पकाएं. जब इसका पानी काफी हद तक सूखने लगे, तब इसमें चीनी डालें.
  3. अब मिश्रण में मावा और दूध डालकर लगातार चलाते रहें ताकि गांठें न आए. जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तब नारियल पाउडर, इलायची पाउडर और घी डालें. इसे तब तक पकाएं जब तक मिश्रण कढ़ाई छोड़ने न लगे.
  4. एक प्लेट या ट्रे में घी लगाकर मिश्रण फैलाएं. ऊपर से पिस्ता और बादाम डालें. इसे 1–2 घंटे के लिए फ्रिज में रखें. सेट होने के बाद मनचाहे आकार में काट लें.
  5. ठंडी-ठंडी तरबूज की बर्फी को गर्मियों में डेजर्ट के रूप में सर्व करें. इसका स्वाद बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आएगा.