शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से ब्लैकमेलिंग और ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां स्वास्थ्य विभाग के उपसंचालक (डिप्टी डायरेक्टर) डॉ. हिमांशु जायसवार को दुष्कर्म (रेप) के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया। आरोपी महिला ने झांसा देकर और धमकियां देकर डॉक्टर से 20 लाख रुपये वसूल लिए और अब 25 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रही थी।

पूर्व अधिकारी की बेटी निकली आरोपी, 13 साल पुराना था रिश्ता

मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ब्लैकमेल करने वाली महिला स्वास्थ्य विभाग के ही एक पूर्व अधिकारी की बेटी है। पीड़ित डॉक्टर हिमांशु जायसवार के उस परिवार के साथ पिछले 13 वर्षों से पारिवारिक संबंध थे। इसी भरोसे का फायदा उठाकर महिला ने डॉक्टर को अपने जाल में फंसाया।

बीमारी और मजबूरी का बहाना बनाकर ऐंठे पैसे
शुरुआत में महिला ने इमोशनल ब्लैकमेल करते हुए डॉक्टर से पैसे उधार मांगे थे। उसने बहाना बनाया था कि- उसके पिता की तबीयत खराब है और इलाज कराना है। वह खुद कैंसर की बीमारी से जूझ रही है। उसकी बेटी की पढ़ाई के लिए पैसों की सख्त जरूरत है। पारिवारिक रिश्तों की वजह से डॉ. हिमांशु ने उसकी मदद की।

पैसे वापस मांगे तो दी रेप केस में फंसाने की धमकी

जब आरोपी महिला के पास डॉक्टर की बड़ी रकम जमा हो गई और डॉ. हिमांशु ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए, तो महिला का रवैया बदल गया। पैसे लौटाने के बजाय उसने डॉक्टर को दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाकर करियर बर्बाद करने की धमकी देना शुरू कर दिया। इस ब्लैकमेलिंग से डरकर डॉक्टर से वह अब तक 20 लाख रुपये वसूल चुकी थी, लेकिन जब उसने 25 लाख रुपये की और मांग की, तो पीड़ित ने कानून का दरवाजा खटखटाया। पीड़ित डॉक्टर की शिकायत पर हबीबगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ब्लैकमेलिंग के इस पूरे खेल की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी महिला के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m