पलवल। हरियाणा के पलवल जिले के फुलवारी गांव में दलित सरपंच राहुल और उनके परिवार को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। सरपंच का आरोप है कि फोन पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें और उनके परिवार को गोली से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। सरपंच ने पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
सरपंच राहुल के अनुसार, एक व्यक्ति द्वारा उन्हें फोन कर कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणियां कीं और परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी। राहुल का आरोप है कि फोन करने वाले ने यह भी कहा कि वह चाहे जितनी शिकायत कर ले, उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
परिवार में दहशत का माहौल
सरपंच राहुल का कहना है कि धमकी के बाद उनके परिवार में भय का माहौल है। उनका दावा है कि रात से परिवार के किसी सदस्य ने ठीक से खाना तक नहीं खाया। उन्हें हर समय इस बात का डर सता रहा है कि कहीं आरोपी पक्ष घर पर हमला न कर दे। गांव में साफ-सफाई और अन्य दैनिक कार्यों के लिए बाहर निकलने में भी परिवार के लोग भय महसूस कर रहे हैं।
रिकॉर्डिंग देने के बावजूद केस दर्ज नहीं होने का आरोप
सरपंच का कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत डीएसपी और पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों से की है। उन्होंने पुलिस को कथित धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है। इसके बावजूद, उनके आरोप के अनुसार, अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
पुलिस ने क्या कहा?
वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।सरपंच राहुल और उनके परिवार ने पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


