प्रतीक पटनायक, धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हेरोइन, नगदी, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन सहित कुल 3 लाख 53 हजार 520 रुपये का मशरूका जब्त किया है। वहीं, पूछताछ में कथित मुख्य सप्लायर का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस की कार्रवाई
धमतरी पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन निश्चय चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।

पुलिस को सूचना मिली थी कि सोरिद नगर स्थित शीतला मंदिर के पास कुछ युवक हेरोइन यानी चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और तीनों युवकों को पकड़ लिया।
15 ग्राम हेरोइन समेत लाखों का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान 15 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 9 हजार रुपये नगद, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, तीन मोबाइल फोन और दो लाइटर बरामद किए हैं। जब्त किए गए सभी सामान की कुल कीमत 3 लाख 53 हजार 520 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव उर्फ बब्लू सोनी, शुभम सोनी और आशुतोष उर्फ आशु तिवारी के रूप में हुई है।
मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस की पूछताछ में कथित मुख्य सप्लायर की संलिप्तता भी सामने आई है। अब पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

