कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर के रवि उर्फ भूरा हत्याकांड में एक ऐसा फैसला आया है, जहां फरियादी अपने बयान से मुकर गया। चश्मदीद गवाहों ने भी आरोपियों को पहचानने से इनकार कर दिया, लेकिन बंदूक से निकली गोली और घटनास्थल पर मिले बंदूक के खोखों की वैज्ञानिक जांच ने आरोपियों को आखिरकार सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। कोर्ट ने हत्याकांड के तीन आरोपियों को दोषी पाते हुए आजीवन कारावास यानी उम्रकैद की सजा सुनाई है। जबकि दो आरोपी सबूत के अभाव में बरी हो गए।
दरअसल, मामला 27 दिसंबर 2021 का है। झांसी रोड थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरौली में रवि उर्फ भूरा अपने साथियों के साथ शीतला माता मंदिर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसे रोककर फायरिंग की गई और उसकी हत्या कर दी गई। कोर्ट में सुनवाई के दौरान रवि उर्फ भूरा की हत्या के मामले में फरियादी संजीव उर्फ छोटू शर्मा समेत चश्मदीद गवाह अदालत में अपने पुराने बयानों से मुकर गए। ऐसे में अभियोजन पक्ष के सामने हत्या साबित करना बड़ी चुनौती बन गया। लेकिन इस केस में वैज्ञानिक साक्ष्य सबसे मजबूत साबित हुए।
बंदूक से निकली गोलियों ने दी गवाही!
घटनास्थल से मिले 12 खोखों की जांच में खुलासा हुआ कि 6 खोखे विजय प्रताप उर्फ सोनू, 4 खोखे विनय प्रताप उर्फ मोनू और 2 खोखे संजय उर्फ लल्लू के हथियारों से चले थे। इतना ही नहीं, मृतक के शव से निकली दो गोलियों की भी जांच की गई। एक गोली विनय प्रताप उर्फ मोनू और दूसरी गोली संजय उर्फ लल्लू के हथियार से चली थी। यानी गवाह भले ही मुकर गए, लेकिन बंदूक से निकली गोलियां आरोपियों के खिलाफ गवाही दे गईं।
सबूत न मिलने पर दो बरी
ऐसे में कोर्ट ने इस हत्याकांड को “जघन्य सनसनीखेज अपराध” माना, साथ ही कोर्ट ने हत्या के तरीके को बेहद “वीभत्स” बताते हुए कहा कि दोषियों को केवल न्यूनतम सजा देना न्याय के उद्देश्य को पूरा नहीं करेगा। लिहाजा वैज्ञानिक जांच के इन पुख्ता सबूतों के आधार पर कोर्ट ने विजय प्रताप, विनय प्रताप और संजय को हत्या का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। वहीं, प्रह्लाद भदौरिया और मोन्टी भदौरिया के खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं मिलने पर कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया। इस मामले में फरियादी मुकरा, गवाह मुकर गए, लेकिन हथियार, खोखे और गोलियों की वैज्ञानिक जांच ने हत्या की कहानी खोल दी और आखिरकार बंदूक से निकली गोली ही आरोपियों को उम्रकैद की सजा तक ले गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



