अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिले के ब्यौहारी क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी ने तीन जिंदगियां निगल लीं, बिना हेलमेट एक ही बाइक पर सवार दो युवक और एक युवती को तेज रफ्तार क्रेटा वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने पूरे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ब्यौहारी क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे अब बड़ा सवाल खड़ा कर रहे हैं। तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी और बिना हेलमेट सफर करना लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम भमरहा निवासी 19 वर्षीय अंकित शाहू, 16 वर्षीय पियूष सिंह गोंड और 19 वर्षीय गीता शाहू एक ही बाइक पर सवार होकर ग्राम पोंडी से ब्यौहारी की ओर आ रहे थे, इसी दौरान ब्यौहारी से मानपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार क्रेटा वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी,टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक-युवती सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई,प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई, स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, मौके पर पहुंची ब्यौहारी पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्रेटा चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया, पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
यह हादसा एक बार फिर यातायात नियमों की अनदेखी की भयावह तस्वीर सामने लाता है। बाइक पर तीन लोगों का सवार होना और हेलमेट का उपयोग न करना हादसे को और घातक बना गया,यदि यातायात नियमों का पालन किया गया होता तो शायद तीनों की जान बचाई जा सकती थी,ब्यौहारी क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों ने प्रशासन और लोगों दोनों की चिंता बढ़ा दी है। अब जरूरत है कि यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ सख्त कार्रवाई भी की जाए।
वहीं इस पूरे मामले में ब्यौहारी थाना प्रभारी ज्याउल हक ने जानकारी देते हुए बताया कि एक बाइक में सवार तीन लोगों को एक क्रेटा चालक ने ठोकर मारा ,जिससे तीनों की मौत हो गई, मामले में क्रेटा चालक के खिलाफ मामले दर्ज कर मामले पर कार्यवाही की जा रही है।

