हकीमुद्दीन नासिर, महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने जिले में हुई तीन बड़ी चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह समेत कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी के आभूषण, नगदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, डीवीआर सहित 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश में भी कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। वहीं कुछ आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी चोरी का खुलासा
पहला मामला शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है। यहां 18 मई 2026 की रात सूने मकान का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, डीवीआर और सीसीटीवी उपकरण चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के डोला क्षेत्र में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्य मिथिलेश उर्फ पक्के, रोशन मरावी, पंकज सिंह मरावी और राजा सिंह धुर्वे को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से चांदी के आभूषण, पांच मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल, डीवीआर सहित 1 लाख 66 हजार 700 रुपये की संपत्ति बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने महासमुंद की दो चोरी की घटनाओं के अलावा कोरबा और अन्य जिलों में भी वारदात करना स्वीकार किया। गिरोह के दो सदस्य सोहेल उर्फ क्रमश और विजय उर्फ बुक्का अभी फरार हैं।

चार महीने पहले हुई चोरी का भी खुलासा
दूसरा मामला तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अघोली का है, जहां चार माह पहले लाखों रुपये की चोरी हुई थी। पुलिस ने मामले में गांव के ही राहुल उर्फ भंडारा साहू (25) को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने परिवार के विवाह समारोह में बाहर जाने का फायदा उठाकर ग्राइंडर से मुख्य गेट का ताला काटा, फिर अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। जांच के दौरान आरोपी की अचानक बदली जीवनशैली और बढ़ते खर्च ने पुलिस का संदेह बढ़ाया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से 7 लाख 26 हजार 940 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और चोरी में प्रयुक्त ग्राइंडर बरामद किया गया। आरोपी ने चोरी के जेवर अलग-अलग ज्वेलर्स को बेचने की बात भी स्वीकार की।
95 लाख की नकबजनी मामले में 8 गिरफ्तार
तीसरा मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रेहटा में हुई चर्चित नकबजनी का है। 22 जून की रात चोरों ने घर का लॉकर तोड़कर करीब 95 लाख रुपये मूल्य के 30 तोला सोना, तीन किलो चांदी और नगदी चोरी कर ली थी। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर सात आरोपियों आनंद पारधी, संजय पारधी, मनु पारधी, रघुनाथ पारधी, हेमलाल पारधी, सुरेंद्र पारधी और धनश्याम कंसले को गिरफ्तार किया। चोरी के जेवर खरीदने वाले रायपुर निवासी अतुल पाटिल को भी गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण, चांदी की पायल, तीन मोटरसाइकिल सहित 11 लाख 76 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच बनी सफलता की कुंजी
पुलिस के अनुसार, तीनों मामलों के खुलासे में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की अहम भूमिका रही। गिरफ्तार कई आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न थानों में चोरी समेत अन्य आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। लगातार सफल कार्रवाई से जिले की चर्चित चोरी की वारदातों का खुलासा होने पर महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

