प्रयागराज। जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्ममता से हत्या कर दी गई है। तीनों के घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे, इसी दौरान अज्ञात हमालवरों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। जिससे मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

तीनों की बेहरमी से हत्या

यह पूरा मामला जिले के मेजा थाना क्षेत्र का है। जहां, कुकुरकटवा गांव के रहने श्यामलाल उर्फ कल्लू (70 वर्षीय) अपनी पत्नी मंजू देवी और उनकी भाभी कच्चे मकान में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात अज्ञात हमलावर आए और तीनों की बेरमहमी से हत्या कर दी। सभी मृतकों के सिर और शरीर पर धारदार अथवा भारी हथियार से किए गए वार के निशान मिले हैं। उनके घर के आंगन से लेकर हैडपंप लेकर बाहर तक खून ही खून फैला हुआ है। जिससे वारदात की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

READ MORE: लखीमपुर में भीषण सड़क हादसा: कार ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई, 3 लोगों की मौत

छानबीन में जुटी पुलिस

सुबह तीनों का शव मकान के दरवाजे के पास देख गांव में सनसनी फ़ैल गई। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि परिवार बहुत ही गरीब है। लूटपाट जैसी घटना नहीं हुई है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद या अन्य आपराधिक कारणों की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल, पूरे मामले की छानबीन चल रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच पड़ताल की जा रही है। घर के आस-पास लगे सारे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है। आस-पास रहने वाले लोगों का बयान दर्ज किया जा रहा है। वहीं कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उनके परिवार की एक लड़की तकरीबन एक महीने पहले किसी के साथ भाग गई थी। जिसको लेकर विवाद चल रहा था। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।