देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हत्या की तीन अलग-अलग घटनाओं से सनसनी फैल गई। पहली घटना कनॉट प्लेस इलाके की है, जहां देर रात पार्टी में शामिल होने गए 36 वर्षीय एक बिजनेसमैन की तीन फूड डिलीवरी राइडर्स ने कथित विवाद के बाद हेलमेट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। दूसरी वारदात गुलाबी बाग की है। यहां एक 17 वर्षीय नाबालिग ने एक रेलवे कर्मचारी पर पहले गैस सिलेंडर से हमला किया और फिर उसका गला काटकर हत्या कर दी। नाबालिग का दावा है कि रेलवे कर्मचारी ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी। पुलिस इस आरोप की जांच कर रही है। तीसरी घटना पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में हुई, जहां तीन नाबालिगों ने एक 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक युवक पर आरोप है कि उसने पहले एक नाबालिग पर हमला किया था, जिसके बाद बदले की भावना में यह वारदात अंजाम दी गई।
1. पानी मांगने पर डिलीवरी राइडर्स ने हेलमेट से पीटा
दिल्ली पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी नगर निवासी 36 वर्षीय बिजनेसमैन शिवम गुप्ता 2 जनवरी की रात एक दोस्त के साथ पार्टी में शामिल होने कनॉट प्लेस गए थे। पार्टी से निकलने के बाद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के पास शिवम ने एक फूड डिलीवरी राइडर से पानी मांगा, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर डिलीवरी राइडर ने गुस्से में शिवम के सिर पर हेलमेट से हमला कर दिया। इसी दौरान उसके दो अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और शिवम के साथ लात-घूंसे मारकर बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के दौरान शिवम सड़क पर गिर गए और बेहोश हो गए। परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी राइडर्स ने हेलमेट को हथियार की तरह इस्तेमाल कर शिवम की जान ले ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिवम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
3 जनवरी की सुबह करीब 1:30 बजे दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के पास एक व्यक्ति सड़क पर खून से लथपथ हालत में बेहोश पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तुरंत लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में 4 जनवरी को हालत गंभीर होने पर शिवम गुप्ता को राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल रेफर किया गया। 5 जनवरी को शिवम की सर्जरी की गई, लेकिन इलाज के दौरान उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका। करीब दो हफ्ते तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 19 जनवरी को शिवम की मौत हो गई। शिवम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
परिजनों ने शिवम के साथ मौजूद दोस्त की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। परिवार का आरोप है कि दोस्त मौके पर मौजूद था, लेकिन उसने तुरंत परिवार को सूचना नहीं दी, जिससे इलाज में देरी हुई। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना सामान जब्त कर उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
2. यौन उत्पीड़न की कोशिश के आरोप में रेलवे कर्मचारी की हत्या
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को बताया कि रेलवे कर्मचारी संदीप कुमार मालवीय (39) बीते 25 जनवरी से लापता थे। संदीप उस दिन अपनी मोटरसाइकिल से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा संपर्क न हो पाने पर उनकी तलाश शुरू की गई। 27 जनवरी को संदीप के एक दोस्त ने परिवार को सूचना दी कि उनकी मोटरसाइकिल आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी मिली है। इसके बाद पहाड़गंज थाना में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
जांच के दौरान 2 फरवरी को परिवार को जानकारी मिली कि संदीप ने सब्जी मंडी इलाके की रेलवे कॉलोनी में एक कमरा किराए पर लिया हुआ था, जहां वह कभी-कभी दोस्तों के साथ जाया करते थे। जब पुलिस और परिजन वहां पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा हुआ था और अंदर संदीप का शव मिला। पुलिस के मुताबिक, शव अर्धनग्न अवस्था में था और कमरे में सामान बिखरा हुआ मिला। संदीप की गर्दन और छाती पर चोट के निशान थे, जबकि शव का चेहरा बुरी तरह सड़ चुका था, जिससे अंदेशा है कि हत्या कई दिन पहले की गई थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे यौन उत्पीड़न की कोशिश से जुड़ा एंगल सामने आया है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान संदीप कुमार मालवीय को एक लड़के के साथ ऑटो-रिक्शा में जाते हुए देखा गया। इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया कि संदीप के यूपीआई अकाउंट से एक रुपये का लेनदेन किया गया था। जिस खाते में यह राशि ट्रांसफर हुई, वह एक नाबालिग के नाम पर दर्ज था।
इस सुराग के आधार पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे नाबालिग की पहचान की और उसे 3 फरवरी की सुबह गाजियाबाद से, मंदिर मार्ग इलाके से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान नाबालिग ने पुलिस को बताया कि 25 और 26 जनवरी की दरमियानी रात उसकी मुलाकात पहाड़गंज इलाके के एक बार के पास रेलवे टेक्नीशियन संदीप कुमार मालवीय से हुई थी। नाबालिग के मुताबिक, उसने संदीप से पैसे मांगे, जिसके बाद संदीप उसे सब्जी मंडी स्थित अपने किराए के कमरे में ले गया। आरोप है कि वहां संदीप ने उससे यौन संबंध बनाने की मांग की, जिससे वह घबरा गया और गुस्से में आ गया। नाबालिग ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान उसने कमरे में रखे गैस सिलेंडर से संदीप के सिर पर वार किया। इसके बाद उसने कांच के टुकड़े से संदीप का गला काट दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
3. तीन नाबालिगों ने युवक पर चाकू से हमला किया
दिल्ली के पांडव नगर इलाके में मंगलवार को तीन नाबालिगों ने एक 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक युवक पर आरोप था कि उसने दिन में एक नाबालिग पर हमला किया था, जिसके बाद यह वारदात की गई। अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना सोमवार रात करीब 8:15 बजे पीसीआर कॉल के जरिए मिली। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही घायल युवक को लाल बहादुर शास्त्री (LBS) अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अरुण राज के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर कई जगह चाकू के गहरे घाव पाए गए हैं, जिससे साफ है कि उस पर बेरहमी से हमला किया गया।
घटना के बाद पुलिस की एक टीम ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह मामला पुरानी रंजिश और बदले की भावना से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपियों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया है और मामले की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


