चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में लोन की किश्त वसूली को लेकर रिकवरी एजेंटों की दबंगई और गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कार लोन की बकाया किश्तों के विवाद में पिरामल फाइनेंस के चार रिकवरी एजेंटों ने एक महिला के ऑफिस में जबरन घुसकर मारपीट और जमकर तोड़फोड़ की। पीड़िता की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आजाद नगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एजेंटों ने शुरू किया विवाद
आजाद नगर पुलिस के अनुसार, पवनपुरी निवासी फरियादी संस्कृति पाटिल ने शिकायत दर्ज कराई कि दोपहर में चार युवक उनकी कार (MP 09 ZX 7814) की दो बकाया किश्तों की वसूली के लिए उनके ऑफिस पहुंचे थे। पीड़िता का कहना था कि वह कार को बेचकर एनबीएफसी बैंक के माध्यम से पिरामल फाइनेंस का पूरा लोन एकमुश्त (फॉरक्लोज) चुकाने की प्रक्रिया कर रही हैं और इसी सिलसिले में बातचीत चल रही थी। इसी दौरान किश्त तुरंत भरने की जिद को लेकर ऑफिस पहुंचे रिकवरी एजेंट-प्रणय, आयुष, सुनील और शशिकांत-अचानक गाली-गलौज और विवाद करने लगे।
पिता और भाई को पीटा, कंप्यूटर-सामान तोड़ा
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जबरन ऑफिस में घुसकर फरियादी महिला के पिता शिव पाटिल और भाई यशवंत पाटिल के साथ बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, दबंगों ने ऑफिस में रखे कंप्यूटर और अन्य कीमती सामान में भी तोड़फोड़ की। यह पूरी हिंसक वारदात ऑफिस में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की जानकारी देते हुए इंदौर के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पीड़िता की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के पुख्ता प्रमाणों के आधार पर आजाद नगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक व कानूनी जांच-पड़ताल कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

