Tiffany Trump Jaisalmer Visit: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की छोटी बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल बलोस के साथ आज सुबह करीब 11 बजे जैसलमेर पहुंच गईं। एयरपोर्ट से बाहर आते ही उनके पति ने हाथ हिलाकर लोगों का स्वागत किया। इस हाई-प्रोफाइल दौरे को लेकर पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया गया है। सुरक्षा के लिए एयरपोर्ट पर एयर डिफेंस सिस्टम तैनात किया गया।

टिफनी ट्रंप का यह दौरा पूरी तरह से निजी है। वे यहां राजपूताना ठाट-बाट और मरुस्थलीय संस्कृति को करीब से देखने आई हैं। भारत-पाकिस्तान की सीमा से सटे होने के कारण जैसलमेर में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं।
सूर्यागढ़ होटल में शाही स्वागत और सोनार किला घूमने का प्लान
टिफनी ट्रंप और उनके पति का ठिकाना जैसलमेर का मशहूर और बेहद आलीशान सूर्यागढ़ होटल है। सूत्रों की मानें तो होटल में उनका स्वागत राजस्थानी परंपरा के मुताबिक किया गया। अपने दो दिनों के इस दौरे में वे जैसलमेर की ऐतिहासिक जगहों का दीदार करेंगी।
उनका जो कार्यक्रम सामने आया है, उसके मुताबिक वे सबसे पहले विश्व प्रसिद्ध सोनार किला देखने जाएंगी। इसके बाद नक्काशीदार पटवों की हवेली और ऐतिहासिक गड़ीसर लेक घूमने का भी प्लान है।
शाम को सम के धोरों में लोक संगीत का आनंद
रेगिस्तान की खूबसूरती को देखने के लिए टिफनी ट्रंप शाम के वक्त सम के रेतीले धोरों (Sam Sand Dunes) का रुख करेंगी। वहां वे ढलते सूरज को देखने के साथ-साथ राजस्थानी लोक नृत्य और संगीत का लुत्फ उठाएंगी। वे सोमवार को अपना यह दौरा पूरा कर यहां से रवाना होंगी।
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए टिफनी को स्टेट गेस्ट का दर्जा दिया है। खुफिया एजेंसियां और लोकल पुलिस लगातार एक-दूसरे के संपर्क में हैं। उनके रूट पर ट्रैफिक को भी रेगुलेट किया गया है।
ट्रंप परिवार का जैसलमेर से पुराना कनेक्शन
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप परिवार का कोई सदस्य जैसलमेर आया है। इससे पहले नवंबर 2018 में डोनाल्ड ट्रंप की बड़ी बेटी इवांका ट्रंप के पति जेरेड कुशनर भी जैसलमेर आ चुके हैं। वे भी इसी सूर्यागढ़ होटल में एक बड़ी शादी में शामिल होने पहुंचे थे।
जैसलमेर आने से पहले टिफनी और माइकल ने दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर और आगरा के ताज महल का दीदार किया था। उन्होंने अक्षरधाम मंदिर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर की थीं।
पढ़ें ये खबरें
- Datia Inside Story: नरोत्तम के अपने बूथ पर हारी BJP! जानिए दतिया में कमल न खिलने का पूरा गणित
- अलवर-दिल्ली हाईवे पर हरियाणा रोडवेज बस और ट्रक की भीषण टक्कर, चालक समेत कई यात्री घायल
- झाड़-फूंक के बहाने महिला को बनाया बंधक, मौलवी समेत 5 पर गैंगरेप और अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप
- जिस थाली में खाया उसी में किया छेद: रिलायंस ज्वेलर्स में लाखों के सोने की चोरी का मास्टरमाइंड निकला पूर्व कर्मचारी, अब पहुंचा सलाखों के पीछे
- PoK Elections 2026: हिंसा और विरोध प्रदर्शनों के बीच नवाज शरीफ की पार्टी PML-N को बहुमत, आंदोलन जारी

