प्रतीक शर्मा, लोरमी। लोरमी तहसील के ग्राम दमनपुर में खेत में काम कर रहे एक किसान पर बाघ ने जानलेवा हमला कर दिया है। घायल को तत्काल कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मौके पर मिले पैरों के निशान को देखते हुए बाघ होने की आशंका जताते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों को अलर्ट रहने की अपील की है।

यह भी पढ़ें : हवा में विमान का इंजन फेल : बिलासपुर से दिल्ली जा रही फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, 54 यात्री थे सवार

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह लगभग 7 बजे 42 वर्षीय किसान संजू मरकाम अपने खेत में खाद डालने गए हुए थे। इसी दौरान खेत में पहले से छिपे बाघ ने उन पर अचानक हमला कर दिया, जिससे उनके चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं।
किसान के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह किसान की जान बचाई।

घटना की सूचना मिलते ही कोटा वन विभाग के एसडीओ अनिल भास्करन ने टीम के साथ पहुंचकर घायल किसान को तत्काल कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज जारी है। प्रशासन की ओर से पीड़ित को की प्राथमिक सहायता राशि दी गई है।

बता दें कि ग्राम बांध के बाद दमनपुर में यह दूसरा हमला है, जिससे पूरे क्षेत्र में भारी दहशत का माहौल है। घटनास्थल की जांच के बाद वन विभाग ने पदचिह्नों (पगमार्क) के आधार पर बाघ होने की आशंका जताई है। वन विभाग की टीम जानवर को ट्रेस करने में जुट गई है, और ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे अकेले खेतों की तरफ न जाएं और सतर्क रहें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m