संजय विश्वकर्मा, उमरिया। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 1 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए कोर जोन में टाइगर सफारी की औपचारिक शुरुआत हो गई है। मानसून के जाते ही पार्क का कोर एरिया सैलानियों के लिए खोल दिया गया है। इस खास मौके पर फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने पूरे वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर टाइगर सफारी को रवाना किया।
देश-विदेश से पहुंचे पर्यटक, पहले ही दिन दिखा उत्साह
टाइगर सफारी का आगाज होते ही देश और दुनिया के अलग-अलग कोनों से आए पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला। दिल्ली से आई पर्यटक चारु सिंह सहित कई सैलानी बांधवगढ़ के जंगलों में बाघों के दीदार के लिए पहुंचे। पार्क प्रबंधन द्वारा सैलानियों के स्वागत और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
9 साल बाद फिर बांधवगढ़ पहुंचीं विदेशी पर्यटक एमी
सफारी की शुरुआत के दौरान अमेरिका से आई पर्यटक एमी ने अपना अनुभव साझा किया। एमी ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में पहली बार बांधवगढ़ में टाइगर सफारी की थी, जहां उन्हें प्रसिद्ध बाघिन ‘डॉटी’ और उसके शावकों को देखने का मौका मिला था। इस सुखद याद के साथ, पूरे 9 साल बाद वह एक बार फिर मानसून के बाद शुरू हुई टाइगर सफारी का लुत्फ उठाने बांधवगढ़ पहुंची हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

