कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के वन क्षेत्र में टाइगर की मूवमेंट से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि माधव नेशनल पार्क से निकलकर एक टाइगर ग्वालियर क्षेत्र तक पहुंच गया है। ग्वालियर के संदलपुर इलाके के आसपास टाइगर दिखाई देने की सूचना मिली है। स्थानीय लोगों ने टाइगर की तस्वीरें वन विभाग को भेजी हैं, जिसके बाद विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।
ये तस्वीरें ग्वालियर क्षेत्र की बताई जा रही है। जहां जगंली सूनसान इलाके में टाइगर की मूवमेंट देखी गई। टाइगर दिखने की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल है। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद वन अमला मौके पर पहुंच उसके मूवमेंट को ट्रेस करने में जुटा है। इस मामले में DFO मुकेश पटेल ने टाइगर मूवमेंट की सूचना मिलने की पुष्टि की है। DFO के निर्देश पर वन विभाग की टीम लगातार टाइगर की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें: अब खुले जंगल में घूमेंगे और 2 चीते, सीएम डॉ. मोहन यादव ने बाड़े से किया आजाद, बोले- ‘प्रोजेक्ट चीता’ में रोज कीर्तिमान रच रहा एमपी
इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। आपको बता दे कि बीते कुछ दिनों से ग्वालियर के भितरवार और घाटीगांव इलाके में चीतों की मूवमेंट भी ट्रेस की जा रही थी और अब टाइगर की एंट्री ने वन विभाग की चिंता और बढ़ा दी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पानी की तलाश या फिर शिकार की खोज में टाइगर माधव नेशनल पार्क के जंगल से बाहर निकलकर यहां तक पहुंच गया हो। फिलहाल वन विभाग की टीमें लगातार इलाके में निगरानी कर रही है और टाइगर की सटीक लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश जारी है।

