मुकेश सेन, टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की एक हैरान करने वाली और जमीनी हकीकत बयां करती तस्वीर सामने आई है। कलेक्टर विवेक कुमार श्रोत्रिय जब सापौन उप स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण करने पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर खुद चौंक गए।

ये भी पढ़ें: संजय गांधी अस्पताल की ऊपरी मंजिल से युवक ने लगाई छलांग: हालत नाजुक, जांच में जुटी पुलिस

जब CHO नहीं ले पाईं मरीज का ब्लड प्रेशर

निरीक्षण के दौरान उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ CHO रितु अहिरवार एक महिला मरीज का सामान्य ब्लड प्रेशर (BP) तक नहीं जांच पाईं। यह देखकर मौके पर मौजूद कलेक्टर विवेक कुमार श्रोत्रिय ने खुद कमान संभाली और किसी शिक्षक की तरह CHO को महिला मरीज का BP लेने की पूरी प्रक्रिया समझाई और सिखाया। इसके तुरंत बाद कलेक्टर ने CHO की शैक्षणिक योग्यता और डिग्री के बारे में भी पूछताछ की।

ग्रामीणों ने लगाई शिकायतों की झड़ी, ताला लटके रहने का आरोप

निरीक्षण के दौरान वहां बड़ी संख्या में ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने कलेक्टर के सामने अस्पताल के नियमित रूप से न खुलने और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं की शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का कहना था कि अस्पताल की अव्यवस्थाओं के कारण उन्हें मामूली इलाज के लिए भी भटकना पड़ता है।

ये भी पढ़ें: कब्र से निकालकर घर के दरवाजे पर फेंका 3 माह की बच्ची का शव! डबरा में दबंगों की हैवानियत, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

लापरवाही पर थमाया जाएगा नोटिस, राशन दुकान-आंगनबाड़ी का भी लिया जायजा

ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिम्मेदार अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिलना अनिवार्य है। कलेक्टर ने CHO की इस लापरवाही पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही है। स्वास्थ्य केंद्र के साथ-साथ कलेक्टर ने गांव की राशन दुकान और आंगनबाड़ी केंद्र का भी जायजा लिया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m