मुकेश सेन, टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में एक युवक की खुशियां उस वक्त गम में बदल गई, जब शादी के महज 20 दिनों बाद पत्नी फरार हो गई। नई नवेली दुल्हन देर रात वॉशरूम के बहाने अपने भाई के साथ घर से कैश और जेवर लेकर फरार हो गई। सुबह उठते ही जब घर वालों को अपने साथ हुई इस ठगी का पता चला, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
दो लाख में बिचौलिए ने करवाया था रिश्ता
दरअसल, मामला पलेरा कस्बे के वार्ड नंबर 18 का है जहां 36 वर्षीय पुरषोत्तम जायसवाल की शादी सासाराम निवासी संध्या कुमारी से हुई थी। स्थानीय दलाल रघु समेत अन्य 4 से 5 लोगों ने दो लाख रुपए देकर यह रिश्ता करवाया था और परिजनों की मौजूदगी में दोनों ने एक-दूसरे के गले मे जयमाला डालकर शादी की थी।
वॉशरूम जाने के बहाने कथित भाई के साथ हुई फरार
शादी के कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन 14 मार्च की रात दुल्हन का कथित भाई शाम को अपनी बहन के घर आया और रात में वहीं रुक गया। जब पूरा परिवार खाना खाकर सो गया, तब दुल्हन वॉशरूम जाने का बहाना बनाकर अपने कमरे से उठी और अपने भाई के साथ पहने हुए सोने चांदी के जेवर समेत घर मे रखे कैश समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गई।
नींद खुली तो गायब थी बहू
सुबह जब घरवालों की नींद खुली तो दुल्हन अपने भाई के साथ गायब थी। इसके बाद परिजनों ने शादी कराने वाले बिचौलिये रघु को काफी तलाशा लेकिन वह भी नहीं मिला। जिसके बाद थक हार कर शुक्रवार को पीड़ित पलेरा थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने भी महज खानापूर्ति कर उनका एक आवेदन लेकर जांच करने की बात कहकर टाल दिया।
पैसे लेकर शादी के नाम पर धोखेबाजी करने वाला गिरोह सक्रिय
असल मे पिछड़े बुंदेलखंड में खासतौर से दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में काफी समय से इस तरह के संगठित गिरोह सक्रिय हैं जो ऐसे लोगों की तलाश में रहते हैं, जिनकी उम्र बीत जाने के बाद भी शादी नहीं हो पाई है। ऐसे लोगों को वे अपने जाल में फंसाते हैं और शादी का भरोसा देकर पैसे लेकर एक दूसरे के गले मे जयमाला डलवाकर विवाह करा देते हैं।
पुलिस क्यों नहीं कर रही कार्रवाई?
कथित शादी के कुछ दिनों तक तो सब कुछ ठीक चलता है और फिर मौका पाते ही दुल्हन सब कुछ लूटकर फरार हो जाती है। इस घटना से पहले भी जिले में इस तरह की कई घटनाएं घट चुकी है, लेकिन पुलिस की ओर से कोई सख्त या ठोस कार्रवाई ना होने की वजह से उम्र दराज या जिनकी शादी नहीं हो पाती, ऐसे लोग इनके झांसे में आकर इस प्रकार लोगों को लूटते हैं।

