मुकेश सेन, टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का खुलासा हो गया है। पुलिस ने बताया कि युवक का मर्डर हुआ था। यह हत्या किसी और ने नहीं बल्कि मृतक की पत्नी ने ही की थी। वजह प्रेमी के साथ जिंदगी गुजारना था। फिर क्या उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रच डाली। फिलहाल पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके आशिक (Lover) को गिरफ्तार कर लिया है। आइए जानते है आखिर पूरा मामला क्या है…

दरअसल, यह पूरा मामला टीकमगढ़ शहर के पुरानी टेहरी मोहल्ले का है। जहां रामकिशोर रजक का शव उसके बिस्तर पर पड़ा मिला था। चेहरे पर भारी चीज से हमले का निशान मिला था। टीकमगढ़ पुलिस ने बताया कि मृतक रामकिशोर की पत्नी सीमा रजक का सुनील बुनकर नाम के युवक से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी जानकारी उसके पति रामकिशोर को भी लग चुकी थी। इस बात को लेकर पति-पत्नी में आये दिन विवाद भी होता रहता था।

आशिक से विवाह करना चाहती थी सीमा

मृतक की पत्नी सीमा रजक जो दो बेटों की मां भी थी। अपने प्रेमी के प्रेम में इस कदर पागल थी कि वह अपने पति की बात सुनने को राजी नहीं थी और वह अपने आशिक सुनील से विवाह करना चाह रही थी, जिसके लिए उसने अपने प्रेमी सुनील के साथ मिलकर पति रामकिशोर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 13 और 14 फरवरी की दरम्यानी रात पति रामकिशोर रजक ऑटो रखकर घर पहुंचा और खाना खाकर बिस्तर पर सो गया, तभी मौके का इंतजार कर रही पत्नी व उसके प्रेमी सुनील ने जो कि पहले से ही घर मे छिपकर बैठा था, दोनों ने मिलकर सोते समय रामकिशोर के सिर पर पत्थर से कई वार किए।

हत्या के बाद पत्नी ने गढ़ी ये कहानी

दोनों मृतक के सिर पर पत्थर से तब तक वार करते रहे जब तक रामकिशोर रजक की सांस नहीं टूटी। हत्या के बाद सीमा का प्रेमी सुनील आधी रात को अपने घर चला गया। सुबह होते ही मृतक की पत्नी ने शोर मचाना शुरू किया कि उसके पति ने पत्थर से सिर फोड़कर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

पूछताछ में उगली सच्चाई

प्रथम दृष्टया ही यह मामला संदिग्ध लग रहा था, जिसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके बेटे से कड़ाई से पूछताछ की। थोड़ी सख्ती के बाद ही पत्नी ने सारी सच्चाई उगल दी और अपने प्रेमी संग मिलकर घटना कारित करना बताया। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपिया सीमा रजक और उसके प्रेमी सुनील बुनकर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m