मुकेश सेन, टीकमगढ़। जिले के दिगौड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बछोड़ा गांव में 24 सितंबर को हुई मां और दो मासूम बच्चों की मौत के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। मृतका रश्मि कुशवाहा का मौत से पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में महिला अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को बता रही है और अपने परिजनों से गुहार लगा रही है कि उसके पति को किसी भी झूठे मामले में न फंसाया जाए। वीडियो में महिला कहती नजर आ रही है कि इस कदम के पीछे उसके पति की कोई भूमिका नहीं है और वह स्वयं अपनी मर्जी से यह कदम उठा रही है।

गौरतलब है कि 24 सितंबर को बछोड़ा गांव में खेत पर एक महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था, जबकि पास ही के कुएं से उसके दो मासूम बच्चों के शव बरामद किए गए थे।

घटना के बाद से ही पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगलों पर गहराई से जांच कर रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता और यह कितना पुराना है, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m