राई, सोनीपत : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरियाणा खेल विश्वविद्यालय एवं मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय परिसर में देशभक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय एवं विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों तथा कर्मचारियों ने पूरे जोश के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेते हुए राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत शानदार मार्च पास्ट से हुई। अनुशासन, ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति से भरपूर मार्च पास्ट ने उपस्थित सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।
इसके बाद हरियाणा खेल विश्वविद्यालय परिसर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति एवं पूर्व डीजीपी अशोक कुमार तथा विद्यालय की प्रधानाचार्य व निदेशिका दिनेश कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में विश्वविद्यालय एवं विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षक, प्रशिक्षक एवं प्रशासनिक कर्मचारी भी शामिल हुए। यात्रा विश्वविद्यालय के प्रताप स्टेडियम स्थित एथलेटिक्स ट्रैक से शुरू होकर विश्वविद्यालय के सभागार के समक्ष तक निकाली गई।
तिरंगा हाथों में लिए विद्यार्थियों और कर्मचारियों का उत्साह देखते ही बनता था। पूरे मार्ग में गूंजते देशभक्ति के नारों ने वातावरण में जोश भर दिया। विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह और हाथों में लहराता तिरंगा स्वतंत्रता दिवस की भावना को और अधिक जीवंत बना रहा था। तिरंगा यात्रा के समापन पर विद्यालय एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के बीच एक संक्षिप्त स्लोगन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति से जुड़े नारे प्रस्तुत किए। इस अवसर पर वास्तविक विजेता किसी एक विद्यार्थी या टीम को नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के दिलों में दिखाई दे रहा वह उत्साह और राष्ट्रप्रेम रहा, जिसने पूरे कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलपति एवं पूर्व डीजीपी अशोक कुमार ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट, नृत्य एवं अन्य देशभक्ति कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गौरव का अवसर है कि देश अपनी स्वतंत्रता का 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि यह हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों, जिम्मेदारियों और योगदान की निरंतर याद दिलाती है। युवाओं के कंधों पर देश के भविष्य की जिम्मेदारी है और विद्यार्थियों में दिखाई दे रहा अनुशासन, उत्साह तथा राष्ट्रप्रेम ही विकसित भारत की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि खेल और शिक्षा दोनों ही युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन करें और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए हरियाणा खेल विश्वविद्यालय एवं मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा की गई तैयारियों की भी खूब सराहना हुई। पूरे परिसर में कार्यक्रम की तैयारियों और विद्यार्थियों के उत्साह की खूबसूरती देखते ही बनती थी।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव जसविंदर सिंह, डीन प्रो. योगेश चंद्र, प्रो. अशोक शर्मा, डॉ. जितेंद्र, विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल मोहित कपूर सहित विश्वविद्यालय एवं विद्यालय के समस्त शिक्षण, कोचिंग एवं प्रशासनिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
- टीचर की गंदी हरकत! छात्रा को भेजता है अश्लील मैसेज, विरोध करने पर भाई को जमकर पीटा, FIR दर्ज
- एक बाइक पर सवार थे 5 दोस्त, पलक झपकते ही उजड़ गईं खुशियां: लखीमपुर में कार ने मारी जोरदार टक्कर, 2 की मौत
- 80वें स्वतंत्रता दिवस पर CJP दीपके ने शुरू किया ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान, PM मोदी के भाषण पर भी कसा तंज
- सपा को 27 का इंतजार! अखिलेश यादव ने संविधान और चुनाव का हवाला देकर कार्यकर्ताओं को किया सजक, BJP पर तीखा हमला बोलते हुए दिया बड़ा बयान
- इंदौर कांग्रेस कार्यालय में 55 सेकंड का ‘वंदे मातरम’, मचा सियासी घमासान, कानूनी कार्रवाई की मांग


