कुंदन कुमार, मुजफ्फरपुर। बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 के तहत मतदान की सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुजफ्फरपुर के एमआईटी (MIT) परिसर में वरीय अधिकारियों द्वारा पोलिंग पार्टियों को अंतिम ब्रीफिंग दी गई, जिसके बाद मतदान सामग्रियों का वितरण कर टीमों को उनके निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना किया गया। यह चुनाव 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाएगा।
मतदान केंद्र और सुरक्षा व्यवस्था
इस द्विवार्षिक निर्वाचन के लिए कुल 203 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 145 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 58 बूथ शामिल हैं। चुनाव ईवीएम के स्थान पर मतपेटी और मतपत्र के माध्यम से एकल संक्रमणीय मत प्रणाली से होगा। इस बार मतपत्रों पर ‘इनमें से कोई नहीं’ (NOTA) का मुद्रण नहीं रहेगा। प्रत्येक बूथ पर वीडियोग्राफर, माइक्रो प्रेक्षक और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मतदान की गोपनीयता और मतपत्र की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।


मतदान के प्रमुख दिशा-निर्देश
पोलिंग पार्टियां चेकलिस्ट के अनुसार सभी सामग्रियों का मिलान कर लें और बूथ के भीतर मोबाइल ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
मतदान की शुरुआत ठीक सुबह 08:00 बजे होगी और हर दो घंटे पर पुरुष व महिला मतदाताओं की संख्या ‘प्रसाइडिंग ऐप’ के जरिए कंट्रोल रूम को भेजी जाएगी।
मतदान समाप्त होने के बाद पीठासीन अधिकारी पोल क्लोज करेंगे और अभिकर्ताओं को मतपत्र लेखा (प्रारूप-16) की प्रति उपलब्ध कराएंगे।
मतदान के बाद सभी मतपेटिकाओं को सुरक्षा के बीच सीधे वज्रगृह (स्ट्रॉग रूम) तक पहुंचाया जाएगा।
मतगणना की तिथि
मुजफ्फरपुर के एमआईटी स्थित प्रशासनिक भवन को स्ट्रॉग रूम सह मतगणना केंद्र बनाया गया है। चारों जिलों- मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली- के मतपेटी यहीं जमा होंगे, और आगामी 27 अक्टूबर को एमआईटी में वोटों की गिनती की जाएगी। किसी भी सहायता के लिए प्रमंडल-स्तरीय नियंत्रण कक्ष लगातार क्रियाशील है।

