Business Desk – Titan Share Price : टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन के शेयरों में दबाव रहा। इसके साथ ही स्टॉक में पिछले एक महीने से जारी करेक्शन भी जारी रहा। हालांकि, मजबूत ब्रांड और बाजार में स्थिति को देखते हुए ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल को शेयर में आगे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। ब्रोकरेज ने टाइटन पर BUY रेटिंग बरकरार रखते हुए 6,000 रुपए का टारगेट प्राइस दिया है। यह शुक्रवार के बंद भाव से करीब 20% की संभावित तेजी दिखाता है।

सोने की कीमत स्थिर रहने से मार्जिन को फायदा
मोतीलाल ओसवाल के मुताबिक, सोने की कीमतों में स्थिरता से टाइटन के ज्वेलरी कारोबार के मार्जिन में सुधार हो सकता है। ब्रोकरेज का मानना है कि मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड के कारण टाइटन ज्वेलरी इंडस्ट्री की प्रमुख कंपनियों में बनी रहेगी और सेक्टर की ग्रोथ का फायदा उठाने की स्थिति में है।
टाइटन ज्वेलरी मार्केट की सबसे बड़ी कंपनियों में है, लेकिन इसकी बाजार हिस्सेदारी अभी करीब 8.5% है। बढ़ता स्टोर नेटवर्क, अलग-अलग फॉर्मेट का पोर्टफोलियो और मजबूत ब्रांड वैल्यू कंपनी को बाजार की संभावित ग्रोथ का फायदा दिला सकते हैं।
FY26-29 में बिक्री 17% CAGR बढ़ने का अनुमान
मोतीलाल ओसवाल ने रिपोर्ट में कहा कि वह ज्वेलरी इंडस्ट्री की ग्रोथ को लेकर सकारात्मक है और टाइटन इस सेक्टर में सबसे मजबूत स्थिति वाली कंपनियों में है।
ब्रोकरेज ने FY26-29 के दौरान टाइटन की बिक्री में 17%, EBITDA में 21% और APAT में 23% CAGR का अनुमान लगाया है। सितंबर 2028 के अनुमानित EPS के 60 गुना वैल्यूएशन के आधार पर 6,000 रुपए का टारगेट प्राइस तय किया गया है।
शेयर का प्रदर्शन
शुक्रवार को NSE पर टाइटन का शेयर 0.23% गिरकर 5,009 रुपए पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 5,014.30 रुपए के हाई और 4,943.75 रुपए के लो तक गया। कंपनी का ROE 35.39% है। पिछले एक महीने में शेयर 2.58% गिरा है। हालांकि, 3 महीने में करीब 23.8% और एक साल में करीब 38.99% का रिटर्न दे चुका है।



