आशुतोष द्विवेदी, रीवा। डिजिटल दौर में साइबर अपराध जिस तेजी से बढ़ रहे हैं, उसे देखते हुए रीवा पुलिस लगातार लोगों को जागरूक करने में जुटी है। इसी कड़ी में रविवार को अटल पार्क में साइबर सुरक्षा को लेकर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया, जहां आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचने के महत्वपूर्ण तरीके बताए गए।

सेफ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन

मध्य प्रदेश पुलिस के प्रदेशव्यापी “सेफ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन” अभियान के तहत रीवा के अटल पार्क में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक गुरकरण सिंह के निर्देशन में अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल और थाना पुलिस की टीम ने पार्क में मौजूद बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। इस दौरान डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी भी दी गई।

सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई स्कैम, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, साइबर बुलिंग, फेक जॉब ऑफर, डेटा चोरी, हैकिंग और निवेश के नाम पर ठगी जैसे मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। लोगों को सलाह दी गई कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते और एटीएम से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करें।

साइबर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक तरीके से जवाब दिया। साथ ही बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराए और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत करे, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।

थोड़ी-सी सतर्कता आपको सुरक्षित रख सकती

पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे केवल खुद ही सतर्क न रहें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें। क्योंकि डिजिटल दुनिया में एक छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी आर्थिक क्षति का कारण बन सकती है, जबकि थोड़ी-सी सतर्कता आपको सुरक्षित रख सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m