Lifestyle Desk – अगर आप अपने नाश्ते में कुछ नया, पौष्टिक और स्वादिष्ट शामिल करना चाहते हैं, तो क्रीमी लेमन मशरूम एक बेहतरीन विकल्प है. मशरूम विटामिन D, फाइबर और प्रोटीन जैसे कई महत्वपूर्ण पोषक तत्वों से भरपूर होता है. हालांकि, कई लोगों को इसका हल्का स्वाद पसंद नहीं आता, लेकिन सही मसालों और क्रीमी सॉस के साथ तैयार की गई यह डिश हर किसी को पसंद आ सकती है. इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसमें हैवी क्रीम की जगह हाई-प्रोटीन पनीर का इस्तेमाल किया जाता है. इससे डिश न केवल अधिक पौष्टिक बनती है, बल्कि इसमें प्रोटीन की मात्रा भी बढ़ जाती है. हल्के नींबू के रस की ताजगी और मशरूम का उम्दा स्वाद इसे नाश्ते, ब्रंच या हल्के भोजन के लिए एक शानदार विकल्प बनाते हैं. आइए जानते हैं, क्रीमी लेमन मशरूम बनाने की आसान रेसिपी.

सामग्री

बटन मशरूम- 250 ग्राम (साफ करके स्लाइस किए हुए)
पनीर-150 ग्राम
दही -2 बड़े चम्मच
ऑलिव ऑयल या मक्खन-1 बड़ा चम्मच
लहसुन की कलियां- 3–4 (बारीक कटी हुई)
छोटा प्याज -1(बारीक कटा हुआ)
काली मिर्च पाउडर-1 छोटा चम्मच
चिली फ्लेक्स-½ छोटा चम्मच
मिक्स्ड हर्ब्स या ओरिगैनो-1 छोटा चम्मच
नींबू का रस-1–2 बड़े चम्मच
नमक-स्वादानुसार
हरा धनिया या पार्सले-1 बड़ा चम्मच बारीक कटा

विधि

  1. पनीर , दही (यदि इस्तेमाल कर रहे हैं) और 2–3 बड़े चम्मच पानी को मिक्सर में डालकर मुलायम पेस्ट तैयार कर लें.
  2. एक पैन में ऑलिव ऑयल या मक्खन गर्म करें. इसमें लहसुन और प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें.
  3. अब मशरूम डालें और तेज आंच पर 5–7 मिनट तक पकाएं, जब तक उनका पानी सूख न जाए और वे हल्के सुनहरे न हो जाएं.
  4. इसमें नमक, काली मिर्च, चिली फ्लेक्स और मिक्स्ड हर्ब्स डालकर अच्छी तरह मिला लें.तैयार पनीर का पेस्ट पैन में डालें और 2–3 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. जरूरत लगे तो थोड़ा पानी मिलाकर मनचाही गाढ़ी ग्रेवी तैयार करें.
  5. गैस बंद करने से ठीक पहले नींबू का रस डालें और अच्छी तरह मिला दें. ऊपर से हरा धनिया या पार्सले डालकर गार्निश करें.

परोसने का तरीका
क्रीमी लेमन मशरूम को टोस्ट, मल्टीग्रेन ब्रेड, गार्लिक ब्रेड, रोटी या ब्राउन राइस के साथ गर्मागर्म परोसें. यह नाश्ते, ब्रंच या हल्के डिनर के लिए एक स्वादिष्ट और हाई-प्रोटीन विकल्प है. अगर चाहें, तो इसमें पालक, शिमला मिर्च या उबली हुई ब्रोकली मिलाकर इसे और भी पौष्टिक बनाया जा सकता है.