Tohana Love Case : टोहाना। शहर की गीता कॉलोनी में एक युवक की मौत के मामले ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 13 अगस्त की देर रात 28 वर्षीय युवक अपनी कथित प्रेमिका के घर पहुंचा था। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस की मदद से उसे पहले नागरिक अस्पताल टोहाना ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान पंजाब के संगरूर जिले के गांव रयोद निवासी गुरदीप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गुरदीप और गीता कॉलोनी निवासी कुलविंदर कौर के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से संपर्क था। दोनों की बातचीत इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुई थी। मृतक के पिता जगराज सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 11 सितंबर 2024 को कुलविंदर गुरदीप के साथ घर से चली गई थी और कई दिन बाद वापस लौटी थी।

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 13 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे गुरदीप ने कुलविंदर से मिलने के लिए संपर्क किया था। इसके बाद वह उसकी गीता कॉलोनी स्थित घर के बाहर पहुंच गया। वहां उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर कुलविंदर ने डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

नागरिक अस्पताल टोहाना में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। लेकिन रोहतक ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक के पिता जगराज सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 15 अगस्त को थाना शहर टोहाना में कुलविंदर कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया है। यह धारा आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण से संबंधित है।

थाना शहर प्रभारी संदीप ने बताया कि मृतक के पिता के बयान के आधार पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m