टोहाना: जिस उम्र में बच्चे अपने भविष्य के सपने संजोते हैं, उसी उम्र में पढ़ाई का तनाव टोहाना के जमालपुर शेखा गांव के एक परिवार पर ऐसा कहर बनकर टूटा कि घर का एक बेटा हमेशा के लिए चला गया। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले हनी ने कथित तौर पर पढ़ाई को लेकर तनाव के बीच फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पढ़ाई में कमजोर था छात्र, तनाव को बताया वजह

मामला टोहाना सदर थाना क्षेत्र का है। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर साधुराम के अनुसार मंगलवार रात अस्पताल से छात्र की मौत की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।

पुलिस को दिए बयान में हनी के पिता ने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई में कमजोर था और इसी बात को लेकर तनाव में रहता था। प्रारंभिक तौर पर उसकी मौत की वजह पढ़ाई से जुड़ा तनाव सामने आई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दो भाइयों में था एक, छोटा भाई 8वीं में पढ़ता है

हनी के परिवार में दो भाई हैं। उसका छोटा भाई 8वीं कक्षा में पढ़ता है। बेटे की अचानक मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस बच्चे को परिवार पढ़ाई पूरी कर आगे बढ़ते देखने की उम्मीद लगाए था, उसकी मौत से घर में मातम पसरा हुआ है।

पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार

पुलिस ने बुधवार को सरकारी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई शुरू की है। थाना प्रभारी के मुताबिक मामले की जांच जारी है और पूरी स्थिति स्पष्ट होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m