शिखिल ब्यौहार, भोपाल। भोपाल में सीलिंग कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों ने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान कर दिया है। भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के नेतृत्व में व्यापारी कल सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में रामधुन के जरिए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों का दावा है कि इस प्रदर्शन में 5 हजार से ज्यादा व्यापारी शामिल होंगे। व्यापारी राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और संबंधित विभाग के मंत्री को पत्र भेजकर अपनी मांगें रखेंगे। व्यापारियों के प्रतिनिधि जल्द मुख्यमंत्री से मुलाकात भी करेंगे। भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। यहां तक कि आगे भोपाल बंद का फैसला भी लिया जा सकता है।
रक्षाबंधन पर सेना के जवानों को राखी भेजेंगी बीजेपी की महिला कार्यकर्ता
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाजपा की महिला कार्यकर्ता सेना के जवानों को राखी भेजकर अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त करेंगी। यह पहल प्रदेश भर में की जा रही है। इधर प्रदेश भाजपा कार्यालय में तीन महत्वपूर्ण मोर्चों—पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा और महिला मोर्चा—की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने की।इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे गांव-गांव और मोहल्लों में जाकर जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को दिन-रात बताएं। विशेष रूप से ओबीसी और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए सरकार द्वारा किए गए कार्यों को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करना चाहिए और सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों को सही तरीके से बताना चाहिए।
मां नर्मदा-क्षिप्रा-चंबल नदी में गंदा पानी मिलने पर NGT सख्त
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने मां नर्मदा, क्षिप्रा और चंबल नदी में प्रदूषण के मामले में मध्य प्रदेश सरकार को कड़ी फटकार लगाई है। NGT ने मुख्य सचिव को इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया है। ट्रिब्यूनल ने अपने आदेश में कहा कि प्रदेश के 352 नगर निकायों के पास सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट नहीं हैं। इन निकायों से निकलने वाला गंदा पानी बिना किसी ट्रीटमेंट के सीधे नदियों में जा रहा है।
NGT के अनुसार, इन नदियों में प्रतिदिन लगभग 637 मिलियन लीटर (MLD) सीवेज पहुंच रहा है, जिससे नदियों का पानी तेजी से प्रदूषित हो रहा है। ट्रिब्यूनल ने सरकार से पूछा है कि आखिर इतने बड़े स्तर पर प्रदूषण रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।पर्यावरण कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का कहना है कि नदियों में बढ़ते प्रदूषण से जलीय जीवन और आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। अब मुख्य सचिव की रिपोर्ट के बाद NGT आगे क्या कार्रवाई करता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
CM डॉ मोहन यादव के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे। उनके कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12:30 बजे ग्वालियर के लिए रवाना होने से होगी। इसके बाद दोपहर 1:25 बजे वे भिंड जिले के मालपुर पहुंचेंगे, जहां एकीकृत औद्योगिक इकाई का लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के बाद शाम 3:50 बजे मुख्यमंत्री ग्वालियर से इंदौर पहुंचेंगे। वहां से शाम 4:55 बजे वे ओंकारेश्वर के लिए रवाना होंगे। डॉ. मोहन यादव का रात्रि विश्राम ओंकारेश्वर में ही होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


