संजय पाटीदार, Bhopal. राजधानी भोपाल से लेकर प्रदेश के अलग-अलग कोनों में सियासी और विकास कार्यों की बड़ी हलचल होने वाली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव युवाओं को बड़ी सौगात देने के साथ-साथ शिवपुरी के विकास को नई रफ्तार देंगे। इसके अलावा बीजेपी प्रदेश कार्यालय में भी दिग्गजों का महामंथन होने जा रहा है। आइए जानते हैं सुबह की तीन सबसे बड़ी और मुख्य खबरें:
MP में जल्द बनेगा ‘पुलिस भर्ती बोर्ड’, 10 हजार पदों पर भर्ती को हरी झंडी!
मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में अब उत्तर प्रदेश की तर्ज पर जल्द ही ‘मध्य प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड’ का गठन किया जाएगा।
10 हजार पदों पर भर्ती
मुख्यमंत्री ने आरक्षक (कांस्टेबल) समेत विभिन्न संवर्गों के 10 हजार से ज्यादा पदों पर बंपर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए हरी झंडी दे दी है।
कैबिनेट में आएगा प्रस्ताव
इस विशेष भर्ती बोर्ड के गठन और नए पदों की मंजूरी के लिए जल्द ही कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव लाया जा रहा है, जिससे भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी और पारदर्शिता आएगी।
शिवपुरी को ऐतिहासिक सौगात: 2,500 करोड़ रुपये के अत्याधुनिक ‘डिफेंस प्लांट’ का शिलान्यास करेंगे CM, सिंधिया भी रहेंगे मौजूद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शिवपुरी जिले को विकास कार्यों की एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक सौगात सौंपने जा रहे हैं।
मेक इन इंडिया को रफ्तार
पीएम नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को गति देते हुए सीएम शिवपुरी में 2,500 करोड़ रुपये की लागत वाले अत्याधुनिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास करेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
करोड़ों के विकास कार्य
इसके साथ ही मुख्यमंत्री 211.29 करोड़ रुपये के अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। इस बड़े कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी विशेष रूप से शामिल होंगे।
बीजेपी दफ्तर में दिग्गजों का जमावड़ा: ‘भोपाल जिला कार्यकर्ता सम्मेलन’, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री करेंगे शिरकत
राजधानी भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में सांगठनिक गतिविधियों को लेकर भारी हलचल रहने वाली है। यहां ‘भोपाल जिला कार्यकर्ता सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
मंच पर जुटेंगे दिग्गज
इस सम्मेलन में मुख्य रूप से बीजेपी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शामिल हो रहे हैं। उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे और संबोधित करेंगे।
स्मरण पखवाड़ा
यह पूरा कार्यक्रम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे ‘स्मरण पखवाड़ा’ के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

