अजय सैनी, भिवानी। कहा जाता है कि यदि मन में अटूट विश्वास और इरादों में मजबूती हो तो सफलता कदम चूमती है। इसे सच कर दिखाया है गांव मिराण की होनहार छात्रा दीपिका ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में छात्रा दीपिका ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर ना केवल अपने माता-पिता और गांव का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे हरियाणा प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

बता दे कि छात्रा दीपिका मूल रूप से गांव खेड़ा की निवासी है, जो कि गांव मिराण में शिक्षा ग्रहण करती है। दीपिका की इस अद्वितीय उपलब्धि के बाद से ही गांव मिराण में उत्सव जैसा माहौल है। इसी कड़ी में कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने छात्रा की इस शानदार सफलता पर अपनी खुशी जाहिर की और उसे बधाई दी।

उन्होंने दीपिका के अद्वितीय प्रदर्शन की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। इस अवसर पर अनिरुद्ध चौधरी ने कहा कि दीपिका ने आज प्रदेश स्तर पर जो मुकाम हासिल किया है, वह उसकी कड़ी मेहनत और तपस्या का फल है।

उन्होंने कहा कि बेटी दीपिका ने यह साबित कर दिया है कि यदि किसी लक्ष्य को पाने की लगन सच्ची हो और पूरी शिद्दत से मेहनत की जाए तो दुनिया का कोई भी लक्ष्य पाना नामुमकिन नहीं है। दीपिका की यह जीत उन सभी के लिए प्रेरणा है जो संसाधनों की कमी का रोना रोते हैं।

अनिरुद्ध चौधरी ने जोर देते हुए कहा कि दीपिका ने आज हरियाणा की सभी बेटियों के समक्ष एक ऐसी मिसाल पेश की है, जो उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे अपने दृढ़ निश्चय के दम पर बड़े से बड़ा मुकाम हासिल कर सकती हैं। वही दूसरी तरफ दीपिका के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

ग्रामीण इस बात से गर्वित हैं कि उनके छोटे से गांव की बेटी ने पूरे प्रदेश में अव्वल आकर गांव का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज करा दिया है। दीपिका की इस उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उसे निखारने और सही दिशा देने की आवश्यकता है।