इमरान खान, खंडवा। जिले में बीते 48 घंटे से हो रही बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। जुलाई में जिले में 305 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि जुलाई का औसत कोटा 327 मिमी है। यानी कोटा पूरा होने के लिए अब सिर्फ 22 मिमी बारिश और चाहिए। पिछले 24 घंटे में जिले में 74.4 मिमी और अकेले खंडवा शहर में 128 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश से निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं, कई नदी नाले उफान पर है इस लिए कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है, और प्रशासन हाई अलर्ट पर है। बचाव दाल हर आपातकाल स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
लगातार हो रही बारिश से खंडवा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो खंडवा जिले में 74.4 मिमी और शहर में 128 मिमी बारिश दर्ज की गई। अब तक जिले में 415 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक 326 मिमी बारिश हुई थी। नगर निगम ने बाढ़ आपदा को देखते हुए सभी टीमों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा है, जबकि राजस्व विभाग भी जलभराव वाले इलाकों पर लगातार निगरानी कर रहा है। नदी और नालों के किनारे बसे निचले इलाकों में पानी भरने के बाद प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
स्कूलों में दो दिन का अवकाश
कई परिवारों को कृषि उपज मंडी में ठहराया गया है, जहां रहने और भोजन की व्यवस्था की गई है। कुछ परिवारों को एमएलबी स्कूल में भी शिफ्ट किया गया है। नदी किनारे रहने वाले लोग अपने घर का जरूरी सामान, बकरियां और अन्य मवेशी लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाते दिखाई दिए। लगातार बारिश को देखते हुए जिले के सभी स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
ड्रोन के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई
बारिश के बीच राहत और बचाव अभियान भी लगातार जारी है। हांडी कुंडी में चार और अजंटी में तीन लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। ड्रोन के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई गई। उधर, सुक्ता डैम के चार और राजगढ़ डैम के पांच गेट खोल दिए गए हैं, जिससे सुक्ता और भाम नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। भोजाखेड़ी गांव में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया, जबकि तेज बहाव में ट्रैक्टर और रोटावेटर तक बह गए। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने और अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


