वैशाली/ सिद्धार्थ शरद। जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर सुल्तानपुर गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है जहां टोटो चोरी के मामूली शक में एक 22 वर्षीय युवक को बेरहमी से पीटा गया, जिससे अंततः उसकी मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान बिदुपुर के खपुरा गांव निवासी बहरण राय के 22 वर्षीय पुत्र सनी कुमार के रूप में हुई है। मृतक के भाई सौरभ कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह 9:30 बजे सनी घर से निकला था। रास्ते में चांदपुरा निवासी रजनीश कुमार ने उसे टोटो चोरी के आरोप में घेर लिया। आरोप है कि रजनीश और उसके साथियों ने दिन भर सनी को बंधक बनाकर अमानवीय तरीके से प्रताड़ित किया।
पुलिस के सामने गंभीर सवाल
पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि शाम करीब 4:30 बजे आरोपी सनी को अधमरी हालत में बिदुपुर थाना ले गए। परिजनों का दावा है कि पुलिस ने बिना आवेदन लिए घायल की गंभीर स्थिति देखकर उसे थाना परिसर में रखने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी उसे फिर अपने ठिकाने पर ले गए जहां उसके कान में टांके लगवाए गए और दोबारा मारपीट की गई। जब सनी की स्थिति बिल्कुल नाजुक हो गई तो आरोपी उसे उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गए। घर पहुंचने के मात्र आधे घंटे के भीतर सनी ने दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था और राजमिस्त्री का काम कर परिवार का सहारा बना हुआ था। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

