साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ (Toxic) को लेकर फैंस के बीच लंबे समय से जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई है। अब फिल्म के मेकर्स ने एक नई घोषणा कर दर्शकों की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है। सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए मेकर्स ने ट्रेलर रिलीज की तारीख का भी खुलासा कर दिया है। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है और फैंस ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार करने लगे हैं।

यश ने अपने इंस्टाग्राम में शेयर की पोस्ट

बता दें कि यश (Yash) ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर किया है। पोस्टर में उनका दमदार और रहस्यमयी अंदाज देखने को मिल रहा है। तस्वीर में सुपरस्टार अपने हाथ में गन थामे नजर आ रहे हैं। उन्होंने सिर पर टोपी पहन रखी है और तेज बारिश के बीच खड़े दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर की खास बात यह है कि पीछे से आती तेज रोशनी के कारण उनका चेहरा साफ दिखाई नहीं देता, जिससे उनके किरदार का रहस्य बरकरार रखा गया है। यह लुक फिल्म के डार्क और इंटेंस माहौल की झलक देता है।

इस पोस्टर पर बड़े अक्षरों में ‘8.8.26’ लिखा गया है, जो ट्रेलर रिलीज की तारीख की ओर इशारा करता है। इसके साथ ही यश ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “उलटी गिनती शुरू हो गई है। ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर 8 अगस्त 2026 को रिलीज होगा।” इस घोषणा के बाद फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और सोशल मीडिया पर पोस्ट तेजी से वायरल होने लगी।

रिलीज़ डेट भी आई सामने

सिर्फ ट्रेलर ही नहीं, बल्कि फिल्म की रिलीज डेट का भी आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। यश ने अपने पोस्ट में बताया कि ‘टॉक्सिक’ (Toxic) 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को पैन इंडिया स्तर पर कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग दर्ज कर सकती है, क्योंकि यश की पिछली फिल्मों ने भी शानदार प्रदर्शन किया था।

ये है फ़िल्म की शानदार स्टारकास्ट

फिल्म की स्टारकास्ट भी इसकी सबसे बड़ी खासियतों में से एक है। ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ (Toxic) में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे दमदार कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस मल्टीस्टारर फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक गीतू मोहनदास ने किया है। अपनी अलग कहानी कहने की शैली और दमदार निर्देशन के लिए मशहूर गीतू मोहनदास से दर्शकों को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं।