गौरव जैन, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब गलत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

जानकारी अनुसार पिपरिया गांव के रहने वाले तीन ग्रामीण भरत सिंह, छोटेलाल और सुखराम बाइक पर सवार होकर गांव के पास स्थित नदी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पड़खुरी गांव की ओर से आ रहे नागर (कृषि यंत्र) लगे ट्रैक्टर (क्रमांक CG-31-B-3803) ने लापरवाहीपूर्वक गलत दिशा (Wrong Side) में जाकर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि इस दौरान ट्रैक्टर ड्राइवर नशे में चूर था।

घटना में एक की मौत, दो बिलासपुर रेफर

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक ट्रैक्टर के बड़े पहियों और नागर की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और डायल 112 की मदद से तीनों को जिला अस्पताल गौरेला में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान भरत सिंह ने दम तोड़ दिया। घायल छोटेलाल और सुखराम की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।

ग्रामीणों ने ड्राइवर को पकड़कर पुलिस को सौंपा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा पूरी तरह से ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के कारण हुआ। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर ड्राइवर को घेराबंदी कर पकड़ लिया और मौके पर पहुंची गौरेला पुलिस के हवाले कर दिया।

गौरेला पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से पिपरिया गांव में शोक की लहर है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H