विकास कुमार/सहरसा। शहर में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के भेलवा रणखेत के समीप का है, जहां एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने साइकिल सवार मजदूर को टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय मजदूर राजीव कुमार की मौत हो गई। मृतक बिशनपुर गांव का निवासी बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार राजीव कुमार सहरसा शहर में मजदूरी का काम करते थे। शुक्रवार को वह रोज की तरह काम खत्म कर साइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रणखेत के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल मजदूर को सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

इधर सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक की पहचान और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।