अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले की रामपुर बाघेलान थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी की वारदात का 11 दिन में खुलासा कर 4 आरोपियों को पकड़ लिया है, जिनके कब्जे से वाहन समेत बाइक जब्त की गई है। टीआई संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि 13 मार्च को रामबहादुर पुत्र रामबहोर प्रसाद 52 वर्ष, निवासी रघुनाथपुर, ने ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 19 जेडसी 7613 को ट्रॉली समेत घर के बगल में बने गैराज में खड़ा कर दिया था, मगर देर रात को अज्ञात बदमाशों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी कर ली। यह बात पता चलते ही पीडि़त ने आसपास तलाश करने के बाद अगले दिन थाने में शिकायत की, जिस पर कायमी कर जांच-पड़ताल शुरू की गई।
READ MORE: रानी दुर्गावती यूनिवर्सिटी में VC नियुक्ति पर हाईकोर्ट सख्त: जवाब न देने पर लगाया 5 हजार का जुर्माना, दी अंतिम मोहलत
मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ साइबर सेल का भी सहयोग लिया गया, जिनके जरिए मिले सुराग पर अमन पुत्र गेंदराज सिंह 26 वर्ष, सविनय उर्फ सनी पुत्र सुधीर सिंह 21 वर्ष, साहिल उर्फ आदित्य पुत्र कमलेश विश्वकर्मा 21 वर्ष, निवासी हरिहरपुर, थाना सगरा और सौरभ विश्वकर्मा पुत्र इंद्रभान 23 वर्ष, निवासी मढ़ीखुर्द, थाना मनगवां, जिला रीवा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर साढ़े 4 लाख कीमत का ट्रैक्टर और वारदात में प्रयुक्त 30 हजार की बाइक को बरामद कर लिया गया, मगर ट्रॉली नहीं मिली। आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड खंगालने में जुट गई है।

