अजय सैनी, भिवानी। मुख्य बाजारों में ट्रैफिक जाम और बैरिकेडिंग की समस्या को सुलझाने के लिए व्यापारियों और पुलिस के बीच सहमति बन गई है। क्लॉथ, हैण्डलूम एण्ड साड़ी मर्चेन्ट एसोसिएशन के नेतृत्व में दुकानदारों ने सिटी थाना एसएचओ को अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। पुलिस और व्यापारियों की इस बैठक में आम जनता की सहूलियत और व्यापार को ध्यान में रखते हुए कई बड़े फैसले लिए गए हैं, जिससे फूलों वाले चौक, गौशाला मार्केट, सराय चौपटा और जैन चौक के दुकानदारों को बड़ी राहत मिलेगी।
बैरिकेडिंग और ई-रिक्शा बैन से बढ़ गई थी मुसीबत
व्यापारियों का कहना था कि शहर के मुख्य बाजारों में पिछले कुछ समय से की गई बैरिकेडिंग और ई-रिक्शा व चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद होने से कामकाज ठप हो गया था। बाजार आने वाले बुजुर्गों, मरीजों और बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। दुकानों तक माल पहुंचाने वाले ट्रांसपोर्टर भी परेशान थे। इन समस्याओं को देखते हुए फेडरेशन ऑफ भिवानी ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान और भाजपा जिला कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल सिटी थाने पहुंचा और एसएचओ से मिलकर व्यावहारिक रास्ता निकालने की मांग की।
बाजार में केवल महिलाएं चलाएंगी ई-रिक्शा, माल ढुलाई को मिली छूट
एसएचओ के साथ हुई बैठक में बाजार की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कुछ खास नियम तय किए गए हैं। बाजार में भीड़ कम करने और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए अब सिर्फ महिला ड्राइवरों द्वारा चलाई जाने वाली ई-रिक्शा को ही बाजार के अंदर जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा, सामान से लदी हुई ई-रिक्शा या माल लोड करने जा रही ई-रिक्शा को बैरिकेड पर नहीं रोका जाएगा। बैरिकेड पर तैनात पुलिसकर्मी माल ढुलाई वाले वाहनों को बाजार में आने-जाने की पूरी इजाजत देंगे।
माल लाने और ले जाने का समय हुआ तय
व्यापारियों की सहूलियत के लिए ट्रांसपोर्ट गाड़ियों के बाजार में आने का समय भी तय कर दिया गया है। अब ट्रांसपोर्टर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम को 6 बजे से रात 9 बजे तक बाजार में गाड़ियां ला सकेंगे। इससे दुकानदारों का माल भी आसानी से दुकानों तक पहुंच जाएगा और बाजार में जाम की स्थिति भी पैदा नहीं होगी।
व्यापारियों की अपील, दुकानों के बाहर न करें अतिक्रमण
पुलिस प्रशासन की ओर से बाजार को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करने की बात कही गई, जिस पर व्यापारी संघ ने भी अपनी सहमति दी है। एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने शहर के सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे ग्राहकों और आम जनता की सुविधा के लिए अपनी दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण न करें और व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें। ज्ञापन सौंपने के दौरान एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष हरीश ठुकराल, सचिव अमित गुप्ता, त्रिलोक बंसल, प्रदीप नारंग, रवि भग्गनका सहित कई प्रमुख व्यापारी मौजूद रहे।

