कमल वर्मा, ग्वालियर। ग्वालियर की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन अब आम बात हो चुकी है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने सबको हैरान कर दिया है। पड़ाव थाना क्षेत्र के पड़ाव चौराहे के पास तीन से चार कार सवार युवकों ने खुलेआम ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाईं। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक चलती कार की विंडो से आधे बाहर लटके हुए हैं, एक युवक कार की छत पर खड़ा है, जबकि दूसरा सनरूफ से निकलकर बैठा हुआ है। ये युवक तेज रफ्तार से शहर की सड़कों पर घूम रहे थे और अपनी जान को जोखिम में डालकर स्टंट कर रहे थे।
READ MORE: भोपाल GMC छात्रा डेथ केस: रोशनी के फोन से मिला सुसाइड नोट जैसा मैसेज, लिखा- “MBBS नीट से भी ज्यादा टफ”, पुलिस ने जांच की तेज
इस दौरान आसपास से गुजर रहे वाहन और राहगीरों के लिए यह बेहद खतरनाक स्थिति थी, क्योंकि एक छोटी सी चूक या ब्रेक लगने पर बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इस दौरान कोई भी पुलिसकर्मी नजर नहीं आया, जिससे युवकों को खुलेआम यह हरकत करने का मौका मिल गया। वीडियो किसी राहगीर ने बनाया और सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
READ MORE: दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौत, तेज रफ्तार ने छीनी जिंदगी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो के आधार पर पड़ाव थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वीडियो में दिख रही कार के नंबर प्लेट और अन्य डिटेल्स के जरिए युवकों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत खतरनाक ड्राइविंग, ट्रैफिक नियम उल्लंघन और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

