सुशीला देवी गुरुग्राम | शहर की सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे ई-रिक्शा चालकों पर अब यातायात पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए यातायात पुलिस गुरुग्राम ने बड़ा एक्शन लिया है। इस कार्रवाई में कुल 366 ई-रिक्शा चालकों के चालान काटे गए, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।


यह अभियान पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा (IPS) और यातायात पुलिस उपायुक्त प्रतीक गहलोत (IPS) के निर्देशों पर चलाया गया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों पर पुलिस टीमों ने सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालक नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़े गए।


पुलिस के अनुसार, जिन चालकों के चालान किए गए, उनमें कई बिना नंबर प्लेट के वाहन चला रहे थे, कुछ गलत जगह पर पार्किंग कर रहे थे, जबकि कई चालक रांग साइड में वाहन दौड़ाते पाए गए। इन लापरवाहियों के कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और हादसों का खतरा भी बढ़ रहा था।


यातायात पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि नियम तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि सभी वाहन चालक ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि शहर में सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था बनी रहे।


पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। ऐसे में अब नियमों की अनदेखी करना चालकों को भारी पड़ सकता है।